साइबर सुरक्षा में युवाओं को मिलेगा बड़ा मौका: NIELIT ने लॉन्च किया ‘साइबर कुश्ती 2026’ — खामियां ढूंढने से ज्यादा सही फैसलों की होगी परीक्षा

नई दिल्ली | राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (NIELIT) ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘साइबर कुश्ती 2026’ नाम से राष्ट्रीय स्तर का साइबर सुरक्षा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस हैकाथॉन शुरू किया है। प्रतियोगिता का उद्देश्य प्रतिभागियों की केवल साइबर खामियां पहचानने की क्षमता नहीं, बल्कि उपलब्ध जानकारी का विश्लेषण कर सही सुरक्षा निर्णय लेने और उसका तर्क देने की क्षमता को परखना है।

इस प्रतियोगिता में छात्रों और स्वतंत्र शोधकर्ताओं को हिस्सा लेने का मौका मिलेगा। तीन सदस्यों की टीम बनाकर प्रतिभागी निशुल्क पंजीकरण करा सकेंगे। पंजीकरण की शुरुआत 15 अगस्त से हो चुकी है और 10 सितंबर 2026 तक आवेदन किए जा सकेंगे।

AI के दौर में इंसानी समझ की होगी परीक्षा

साइबर कुश्ती 2026 को सामान्य ‘कैप्चर द फ्लैग’ जैसी साइबर प्रतियोगिताओं से अलग रखा गया है। प्रतिभागियों को एक ऐसा सुरक्षा मूल्यांकन पैकेज दिया जाएगा, जिसमें एआई आधारित जानकारी, सोर्स कोड, लॉग, आर्किटेक्चर डॉक्यूमेंटेशन और विभिन्न सुरक्षा स्कैन के परिणाम शामिल होंगे।

इन जानकारियों में सही के साथ-साथ गलत, अधूरे और दोहराए गए निष्कर्ष भी शामिल रहेंगे। टीमों को उपलब्ध सामग्री का विश्लेषण कर वास्तविक सुरक्षा समस्याओं की पहचान करनी होगी, उनकी प्राथमिकता तय करनी होगी और अपने फैसलों का बचाव भी करना होगा।

खास बात यह है कि प्रतियोगिता में केवल सही कमजोरी पकड़ने पर ही नहीं, बल्कि गलत निष्कर्ष को सही तरीके से खारिज करने और उसके पीछे मजबूत तर्क देने को भी महत्व दिया जाएगा।

तीन चरणों में होगा मुकाबला

साइबर कुश्ती 2026 को तीन राउंड में आयोजित किया जाएगा—

  • द अखाड़ा: 15 सितंबर को ऑनलाइन राउंड, जिसमें से 50 टीमें अगले चरण में पहुंचेंगी।
  • द दंगल: 24 सितंबर को दूसरा ऑनलाइन राउंड, जिसके बाद 10 टीमों का चयन फाइनल के लिए होगा।
  • द केसरी: 9 अक्टूबर को नई दिल्ली स्थित डॉ. अंबेडकर अंतर्राष्ट्रीय केंद्र में फाइनल मुकाबला होगा।

फाइनलिस्ट टीमों को एनसीसीडीएफआई 2026 के मंच पर अपने सुरक्षा मूल्यांकन को प्रस्तुत करने के साथ अपने निर्णयों का बचाव भी करना होगा।

विजेता को मिलेगा ‘साइबर केसरी 2026’ का खिताब

प्रतियोगिता के विजेता को ‘साइबर केसरी 2026’ की उपाधि के साथ पारंपरिक गदा प्रदान की जाएगी। वहीं रनर-अप टीमों को ‘रुस्तम’ और ‘पहलवान’ जैसे खिताब दिए जाएंगे।

पहले राउंड में शामिल सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र और व्यक्तिगत स्कोरकार्ड मिलेगा। अगले चरण में पहुंचने वालों को NSD Recognition Credits भी प्रदान किए जाएंगे। इसके अलावा सबसे शिक्षाप्रद गलत उत्तर के लिए भी विशेष पुरस्कार रखा गया है।

लाइव सिस्टम पर नहीं होगा कोई परीक्षण

प्रतियोगिता को सुरक्षित और नियंत्रित वातावरण में आयोजित किया जाएगा। प्रतिभागियों को किसी लाइव सिस्टम, सार्वजनिक नेटवर्क या थर्ड-पार्टी इंफ्रास्ट्रक्चर पर परीक्षण करने की अनुमति नहीं होगी। प्रतियोगिता के लिए आयोजकों द्वारा उपलब्ध कराए गए नियंत्रित वातावरण का ही इस्तेमाल किया जाएगा।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter