सिद्धू का इस्तीफा ड्रामा : अमरिंदर, बोले सीमावर्ती पंजाब के लिए फिट नहीं है सिद्धू

चंडीगढ़ : पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने नवजोत सिंह सिद्धू के इस्तीफे को ड्रामा बताते हुए कहा कि वह ठहराव वाले व्यक्ति नहीं हैं और पंजाब जैसे राज्य में पार्टी को चलाने के लिए उन पर विश्वास नहीं किया जा सकता। निजी दौरे पर दिल्ली गए कैप्टन ने एक बयान जारी कर हाई कमान से सिद्धू का इस्तीफा स्वीकार कर सुनील जाखड़ को दोबारा प्रदेश अध्यक्ष बनाने की सलाह दी। जाखड़ ने प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर अपना कार्यकाल अच्छी तरह चलाया है।

इससे पहले ट्वीट कर कैप्टन ने कहा, ‘मैंने पहले ही कहा था कि पंजाब के लिए सिद्धू फिट नहीं है।’ उन्होंने दोहराया कि पंजाब सीमावर्ती राज्य है और सिद्धू के पाकिस्तान के प्रधानमंत्री व उनके क्रिकेटर मित्र इमरान खान और वहां के सेना प्रमुख बाजवा के साथ संबंध हैं जो राष्ट्र की सुरक्षा को खतरा है। कहा कि इस्तीफा देने से पहले सिद्धू दूसरी पार्टी में जाकर विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे। सिद्धू पहले भी मंत्री के तौर पर अयोग्य साबित हुए हैं।

प्रदेश अध्यक्ष पद संभालने के दो महीने में इस्तीफा देकर उन्होंने एक बार फिर अपने चरित्र का प्रदर्शन किया है। कैप्टन ने कहा, ‘मैं इस लड़के को बचपन से जानता हूं और वह अकेला रहना चाहता है। ऐसा खिलाड़ी टीम में नहीं खेल सकता। उसने 1996 में इंग्लैंड में भारतीय टीम को छोड़ दिया था। यही सिद्धू का असली चरित्र है।’ कैप्टन ने कहा कि सिद्धू लोगों को रैलियों में हंसा सकते हैं, लेकिन इसका कोई मतलब नहीं है और इसलिए कोई उन्हें गंभीरता से नहीं लेता।

सिद्धू कैबिनेट में अपने कुछ मंत्रियों को न लिए जाने से नाराज थे। दरअसल वह सरकार का रिमोट कंट्रोल अपने हाथ में चाहते थे। कैबिनेट बनाना मुख्यमंत्री का अधिकार है, सिद्धू उसमें हस्तक्षेप क्यों कर रहे हैं। कैप्टन ने कहा कि सिद्धू केवल कांग्रेस से जाने के लिए भूमिका तैयार कर रहे थे।

इंतजार कीजिए, सिद्धू जल्द ही किसी और पार्टी में चले जाएंगे। निजी दौरे पर दिल्ली में हूं, अटकलें न लगाई जाएं अपने दिल्ली दौरे के बारे में कैप्टन ने कहा कि वह निजी दौरे पर हैं और कपूरथला हाउस, जो सीएम का सरकारी आवास है, उसे खाली करना चाहते थे।

गौरतलब है कि इससे पहले मंगलवार को सुबह यह चर्चा रही कि कैप्टन दिल्ली दौरे के दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेताओं अमित शाह व जेपी नड्डा से मुलाकात कर सकते हैं। लेकिन दोपहर को ही उनकी तरफ से मीडिया सलाहकार रहे रवीन ठुकराल ने ट्वीट किया कि उनके दौरे को लेकर अटकलें न लगाई जाएं। वह कपूरथला हाउस खाली करने और अपने कुछ मित्रों से मिलने दिल्ली गए हैं। 

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter