ग्रामीणों ने जमकर की खरीदारी
दीपावली के बाद चौथ पर होता है आयोजन
दतिया. सेवढ़ा थरेट कस्बे के समीप पहाड़ ग्राम पर स्थित सिद्ध बाबा मंदिर पर बुधवार को पारंपरिक धार्मिक मेले का आयोजन किया गया । मेले में थरेट, पहाड़, टोडा, पहाड़ी, बसई, रूरा, रुवाहा, धौर्रा, धोर्री, कंजौली, चपरा, बरकारी सहित एक दर्जन से अधिक गांव के लोग पहुंचे । इस दौरान पहाड़ी पर स्थित सिद्ध बाबा एवं काली माता मंदिर की पूजा करने के बाद लोगों ने मेले में दैनिक उपयोग का सामान खरीदा । मेले में दंगल प्रतियोगिता का भी आयोजन हुआ। जिसमें ग्रामीण पहलवानों के अलावा दतिया, भिंड, ग्वालियर जिले से आए पहलवानों ने हिस्सा लिया। बता दें कि कस्बे से 3 किलोमीटर की दूरी पर ग्राम पहाड़ की चोटी पर सिद्ध बाबा एवं काली माता का अति प्राचीन मंदिर बना हुआ है । यहां से सिद्ध बाबा गुफा में विराजमान है। अंचल में सिद्ध बाबा को लेकर गहरी आस्था है। यहां हर वर्ष दीपावली के बाद चौथ को धार्मिक मेला लगता है। ग्रामीण सिद्ध बाबा के दर्शन एवं प्रसाद चढ़ाने के बाद मेले में खरीदारी करते हैं एवं दंगल का आनंद उठाते हैं । पहाड़ की ऊंची चोटी से दिखाई देने वाला हरा भरा जंगल एवं प्राकृतिक सौन्दर्य बड़ा ही मनमोहक लगता है। लोग इस सुंदर नज़ारे को अपने कैमरे में कैद करने से नहीं चूकते ।
मेले में प्रसाद, मिठाईयां, खिलौने एवं बर्तनों के अलावा दैनिक उपयोग की दुकानें लगी थी। जिन पर ग्रामीणों ने जमकर खरीदारी की । मेले के साथ दंगल प्रतियोगिता का भी आयोजन हुआ। जिसमें आसपास के क्षेत्रों से आए पहलवानों ने हिस्सा लेकर अपने दांव पेंच दिखाकर ग्रामीण दर्शकों को खूब आनंदित किया।
