सुप्रीम कोर्ट पहुंचा पेगासस जासूसी कांड, याचिका में की गई SIT जांच की मांग
postpone neet 2021

नई दिल्ली : कथित पेगासस जासूसी मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है। शीर्ष अदालत में गुरुवार को एक जनहित याचिका दाखिल हुई, जिसमें मामले की कोर्ट की निगरानी में एसआइटी से जांच कराए जाने की मांग की गई है।

वकील मनोहर लाल शर्मा की तरफ से दाखिल याचिका में कहा गया है कि पेगासस जासूसी मामले की कोर्ट की निगरानी में विशेष जांच दल (एसआइटी) से जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।

मांग यह भी है कि कोर्ट घोषित करे कि जासूसी के लिए पेगासस स्पाइवेयर मंगाना गैरकानूनी, असंवैधानिक व अनुच्छेद 21 का उल्लंघन है। याचिका में कहा गया है कि पेगासस प्रकरण गंभीर चिंता का मामला है।

पेगासस से सिर्फ बातचीत ही नहीं सुनी जा सकती, बल्कि किसी का पूरा डिजिटल प्रिंट हासिल किया जा सकता है। इससे सिर्फ हैक किए गए फोन का मालिक ही नहीं, बल्कि उसके संपर्क में आए सभी लोग प्रभावित होते हैं।

याचिका में दावा किया गया है कि वर्ष 2016 से कंपनी के क्लाइंट एनएसओ ने करीब 50 हजार फोन नंबरों को निशाना बनाया है, जो मेजर न्यूज आउटलेट में लीक हुए हैं।

पेगासस सिर्फ सर्विलांस टूल नहीं है, बल्कि साइबर हथियार है जिसने भारतीय राजनीति को निशाना बनाया है। याचिका में कहा गया है कि अगर मान भी लिया जाए कि इसका प्रयोग कानूनी था जो कि संदेहपूर्ण है, तब भी पेगासस से राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरा पैदा हुआ है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter