अलमारी में रखी नगदी और जेबरात ले गए
दतिया. भांडेर नगर के वार्ड 14 िस्थत बर की सराय मोहल्ले में अज्ञात चोर सूने घर में धावा बोलकर वहां से नगदी व जेबरात सहित कुल एक लाख का माल समेट ले गए। घटना के समय घर के लोग भाईदूज का त्यौहार मनाने झांसी गए हुए थे। घटना की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया। पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार बर की सराय निवासी सोनू कुशवाहा के घर सोमवार-मंगलवार की रात चोरों ने धावा बोलकर वहां से लगभग एक लाख रुपये के माल पर हाथ साफ कर दिया। घटना के वक्त घर सूना था और सोनू तथा उसके परिवार के अन्य लोग भाईदूज पर झांसी गए हुए थे। घटना की जानकारी गत दिवस शाम घर लौटने पर मिली। चोरों ने घर की अलमारी खोलकर उसमें रखे नगद 20 हजार रुपये, पचास हजार मूल्य का सोने का हार तथा अन्य सोने-चांदी के आभूषणों चोरी कर लिए। घर में रखे अन्य सामान को चोरों ने हाथ भी नहीं लगाया और निकल गए । घटना के बारे में गृहस्वामी सोनू ने बताया कि सोमवार को भाईदूज होने पर उसकी मां चिरगांव मामा के यहां, उसकी पत्नी झांसी मायके तथा वह स्वयं झांसी स्थित बहिन के यहां टीका कराने गए थे। ऐसे में घटना की रात घर पर कोई नहीं था। मंगलवार को सभी शाम साढ़े चार बजे लौटे तो चोरी का पता चला। चोर ने संभवतः आंगन के रास्ते घर में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना की जानकारी के बाद पुलिस ने घटनास्थल पहुंचकर मुआयना किया। इस संबंध में मामला दर्ज कर पुलिस ने चोरों की तलाश शुरु कर दी है।
