स्‍वरा भास्कर के खिलाफ यूपी पुलिस से शिकायत, तालिबानी आतंकियों की हिन्‍दुत्‍व से की थी तुलना

लखनऊ : अपने विवादित बयान को लेकर फिल्म अभिनेत्री स्वरा भास्कर की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। इंटरनेट मीडिया पर स्वरा भास्कर के बयान को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

इसी बीच यूपी पुलिस से उनके विरुद्ध आनलाइन शिकायत की गई है। महिला अधिवक्ता कल्पना श्रीवास्तव ने ट्वीट कर स्वरा भास्कर के विरुद्ध ई-एफआइआर दर्ज कराने की जानकारी साझा की है। उनके ट्वीट पर तीखी प्रतिक्रियाएं भी सामने आ रही हैं।

इंटरनेट मीडिया पर कई लोग फिल्म अभिनेत्री पर देश विरोधी बयान देने का आरोप लगाते हुए कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग कर रहे हैं। तालिबान के आतंकवाद की तुलना हिंदुत्व से करने का मामला फिल्म अभिनेत्री पर भारी पड़ता नजर आ रहा है। इंटरनेट मीडिया सेल भी ऐसी शिकायतों का पता लगा रही है।

एडीजी कानून-व्यवस्था प्रशांत कुमार का कहना है कि यदि किसी स्तर पर कोई शिकायत होगी तो उसकी जांच कराकर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं स्वरा भास्कर के विवादित बयान के बाद कोलकाता में भी गुरुवार सुबह उनके खिलाफ साइबर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। 

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter