हवाई ताकत बढ़ाने के लिए भारत बनाएगा राकेट फोर्स, चीन और ज्यादा आक्रामक होकर आएगा सामने : जनरल रावत

नई दिल्ली : भारत अपनी सैन्य तैयारियों को और प्रभावी बनाने के लिए अलग से राकेट फोर्स बनाने पर गंभीरता से विचार कर रहा है। इससे राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए पैदा होने वाली चुनौतियों से उच्च स्तरीय तकनीक से निपटा जा सकेगा। यह बात तीनों सेनाओं के प्रमुख जनरल बिपिन रावत ने कही है।

उल्लेखनीय है कि हाल ही में तीनों सेनाओं का बेहतर समन्वय कायम करने के लिए अग्रिम मोर्चों पर थिएटर सिस्टम लागू करने का फैसला भी किया गया है।

जनरल रावत ने कहा, चीन के समर्थन से पाकिस्तान भारत के खिलाफ छद्म युद्ध लड़ रहा है। वह जम्मू-कश्मीर में छद्म युद्ध लड़ रहा है, पंजाब और कुछ अन्य इलाकों में ऐसा ही युद्ध शुरू करने की कोशिश कर रहा है।

चीन ने भी देश की उत्तरी सीमा पर अपनी हरकत दिखाई है। अब हमें इस तरह के आक्रमणों से तकनीक के जरिये निपटना है। इसके लिए तीनों सेनाओं को साथ मिलकर कार्य करना होगा। इस सिलसिले में तैयारी शुरू हो गई है।

चुनौतियों से निपटने के लिए हमें अपनी हवाई ताकत और बढ़ानी होगी। इसलिए राकेट फोर्स गठित करने की तैयारी कर रहे हैं। जनरल रावत ने इस फोर्स के बारे में विस्तृत जानकारी देने से इन्कार कर दिया।

जनरल रावत ने कहा, चीन आने वाले समय में और ज्यादा आक्रामक होकर सामने आएगा। उसको ध्यान में रखकर हमें और दुनिया को तैयारी करनी है। चूंकि हमारी जमीनी सीमा चीन के साथ लगती है, इसलिए हमें ज्यादा सतर्क रहना होगा और तैयारी रखनी होगी। हमारे लिए दोतरफा चुनौती है।

पश्चिम की ओर पाकिस्तान है जबकि उत्तर की ओर चीन, हमें दोनों से सतर्क रहना है।अफगानिस्तान के हालात के विषय में जनरल रावत ने कहा, किसी ने भी नहीं सोचा था कि तालिबान इतनी तेजी से देश पर कब्जा कर लेंगे।

समय अपने आप सब कुछ स्पष्ट कर देगा। हमें बस धैर्य से इंतजार करने की जरूरत है। हम नहीं जानते अफगानिस्तान का भविष्य क्या होगा। अभी वहां की स्थिति में और बदलाव आएंगे लेकिन उनके बारे में अभी अंदाजा लगाना मुश्किल है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter