हावड़ा में एक ही परिवार के तीन लोगों के खून से लथपथ शव बरामद, घर का दरवाजा तोड़कर पुलिस ने बरामद किए शव

कोलकाता : कोलकाता से सटे हावड़ा के लिलुआ थाना अंतर्गत बेलगछिया आई रोड स्थित एक घर का दरवाजा तोड़कर पुलिस ने शनिवार को एक ही परिवार के तीन सदस्यों के खून से लथपथ अवस्था में क्षत-विक्षत शव बरामद किए। इनमें अभिजीत दास (47), उनकी पत्नी देबजानी दास (42) और उनकी बेटी समरग्गी दास (13) शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार, दोपहर में लिलुआ थाने को सूचना मिली कि बेलगछिया में 39 आई रोड स्थित मकान के प्रथम तल पर स्थित अभिजीत दास के घर से दुर्गंध आ रही है। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची तो दरवाजा खटखटाने पर अंदर से बंद मिला। पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो अंदर पति- पत्नी और बेटी का खून से लथपथ शव पड़ा मिला। प्राथमिक जांच के बाद पुलिस का कहना है कि पेशे से गैस कारोबारी अभिजीत दास ने संभवत अपनी पत्नी और बेटी की हथौड़े से हत्या के बाद फांसी लगाकर खुद भी आत्महत्या कर ली।

वैसे पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने एवं घटना की विस्तृत जांच के बाद ही मौत की असली वजह के बारे में कुछ कहा जा सकता है। पुलिस के अनुसार, अभिजीत दास को आखिरी बार उसके पड़ोसियों ने 28 सितंबर को देखा था। 

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter