हेल्थ वेबिनार में बोले PM मोदी- इंडिया को स्वस्थ रखने के लिए 4 मोर्चों पर कर रहे हैं एक साथ काम

सरकार का हर नागरिक तक स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुच को आसान बनाने की प्रतिबध्दता इस साल के बजट में लक्षित है. स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग ने अपने बजट को लेकर एक वेबिनार का आयोजन किया…प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस कार्यक्रम में शिरकत की और कहा कि कोरोना के इस दौर से गुज़रते हुए सरकार स्वास्थ्य के क्षेत्र में चौतरफा काम कर रही है ताकि आने वाले समय में देश किसी भी तरह की स्वास्थ्य आपदा के लिए तैयार रहें.

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को जब स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए बजट प्रावधानों के प्रभावी क्रियान्वयन पर एक वेबिनार को संबोधित किया तो उनका फोकस  था कि हमें सिर्फ आज ही महामारी से नहीं लड़ना है बल्कि भविष्य में आने वाली ऐसी किसी भी स्थिति के लिए भी देश को तैयार करना है। इसलिए हेल्थकेयर से जुड़े हर क्षेत्र को मजबूत करना जरुरी है। पीएम मोदी ने कहा इस वर्ष के बजट में हेल्थ सेक्टर को जितना बजट आवंटित किया गया है, वो अभूतपूर्व है। ये हर देशवासी को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा देने की सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक है।पीएम ने कहा कि देश को स्वस्थ रखने के लिए सरकार 4 मोर्चों पर एक साथ काम कर रही हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि  सरकार का जोर सिर्फ हेल्थ केयर में निवेश पर ही नहीं है बल्कि देश के दूर-दराज वाले इलाकों तक हेल्थ केयर को पहुंचाने का भी है। उन्होंने कहा हेल्थ सेक्टर में किया गया निवेश, स्वास्थ्य ही नहीं बल्कि रोजगार के अवसर भी बढ़ाता है। पीएम ने कहा कि कोरोना के दौरान भारत के हेल्थ सेक्टर ने जो मजबूती दिखाई है, उसे दुनिया ने बहुत बारीकी से नोट किया है। आज पूरे विश्व में भारत के हेल्थ सेक्टर की प्रतिष्ठा और  उस पर भरोसा, एक नए स्तर पर पहुंचा है।  

पीएम ने कहा कि हेल्थ सेक्टर में आधुनिक टेक्नॉलॉजी का उपयोग बढ़ाया जा रहा है। डिजिटल हेल्थ मिशन, देश के सामान्य नागरिकों को समय पर, सुविधा के अनुसार, प्रभावी इलाज देने में बहुत मदद करेगा। प्रधानमंत्री ने आत्मनिर्भर भारत का जिक्र किया और कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी भारत को आत्मनिर्भर बनाना है।

प्रधानमंत्री का जोर इस बात पर था कि  ये सुनिश्चित किया जाए कि देश के सभी लोगों जिसमें गरीब और  दूरदराज रहने वाले लोग भी शामिल हैं उन्हें सबसे अच्छा उपचार मिले और  समय पर मिले। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार, सभी राज्य सरकारें, स्थानीय निकाय और देश का प्राइवेट सेक्टर, मिलकर काम करेंगे, तो इसके बेहतर नतीजे  मिलेंगे।
 

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter