आगर में ₹3800 करोड़ की मैक्केन फूड परियोजना : 2 हजार युवाओं को मिलेगा रोजगार, लालूखेड़ी में लगेगा ₹200 करोड़ का आलू प्रोसेसिंग प्लांट

आगर-मालवा/भोपाल। मध्य प्रदेश में कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा देने की दिशा में आगर-मालवा जिले को बड़ी औद्योगिक सौगात मिलने जा रही है। शुक्रवार को आयोजित ‘बलराम कृषि महोत्सव’ के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किसानों से सीधा संवाद किया। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि आगर में 3,800 करोड़ रुपये की लागत से बहुराष्ट्रीय कंपनी ‘मैक्केन फूड’ (McCain Foods) की बड़ी खाद्य प्रसंस्करण इकाई शुरू होने जा रही है, जिससे क्षेत्र के करीब 2 हजार युवाओं को प्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा।

​इसके साथ ही जिले के ग्राम लालूखेड़ी में 200 करोड़ रुपये के निवेश से आलू प्रोसेसिंग यूनिट की स्थापना की जा रही है। इससे स्थानीय किसानों को पारंपरिक फसलों के साथ-साथ आलू की अनुबंध व उन्नत खेती के नए अवसर मिलेंगे।

​संतरा, जैविक दूध और सौर ऊर्जा का हब बन रहा आगर : किसानों से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने आगर-मालवा की भौगोलिक व कृषि विशेषताओं का उल्लेख किया:

  • ​देशभर में मांग: आगर और सुसनेर का संतरा देशभर की मंडियों में भेजा जा रहा है।
  • ​जैविक दुग्ध उत्पादन: जिले में सांची ब्रांड के विस्तार के साथ जैविक दूध उत्पादन में पशुपालक अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं।
  • ​अक्षय ऊर्जा व इंफ्रास्ट्रक्चर: आगर जिला सौर ऊर्जा और पवन ऊर्जा के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रदेश में 5 लाख किलोमीटर सड़कों का नेटवर्क, पर्याप्त बिजली और सिंचाई जल सुलभ कराया जा रहा है।
  • ​गेहूं खरीद का लक्ष्य: किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य दिलाने के लिए सरकार वर्ष 2027 तक 2,700 रुपये प्रति क्विंटल की दर से गेहूं खरीद सुनिश्चित करेगी।

​गोपालन पुरस्कार योजना: ब्लॉक स्तर पर 1 लाख रुपये का पहला इनाम : पशुपालन को आय का मुख्य जरिया बनाने के लिए सरकार ने कई प्रोत्साहन योजनाओं की घोषणा की:

  • ​पुरस्कार राशि: प्रत्येक विकासखंड (ब्लॉक) स्तर पर श्रेष्ठ पशुपालकों के बीच प्रतियोगिता होगी। प्रथम स्थान पाने वाले पशुपालक को ₹1 लाख, द्वितीय को ₹50 हजार और तृतीय को ₹25 हजार का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।
  • ​गौशालाओं को अनुदान: सालरिया स्थित गौ-अभयारण्य सहित जिले की विभिन्न गौशालाओं में 20 हजार से अधिक गोवंश की देखभाल हो रही है, जिसके लिए सरकार प्रति गोवंश 40 रुपये प्रतिदिन की दर से अनुदान दे रही है।

​प्रगतिशील किसानों और पूर्व सैनिकों का सम्मान : कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्राकृतिक व जैविक खेती कर रहे बड़ौद के किसान राधेश्याम परिहार और तनोड़िया के अरहर उत्पादक रोहित शर्मा से उनके अनुभवों पर चर्चा की।

​समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रगतिशील कृषकों, मेधावी छात्र-छात्राओं और पूर्व सैनिकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

इस मौके पर सांसद रोडमल नागर, विधायक मधु गेहलोत, अपेक्स बैंक प्रशासक महेंद्र सिंह यादव और किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!