दतिया । क्षेत्र का किसान खेताें में खड़ी फसलों की सलामती के लिए इन दिनों ईश्वर की शरण में है। इसी क्रम में भांडेर अनुभाग के ग्राम सरसई में धमना रोड पर स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर पर ग्रामवासियों द्वारा शनिवार को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। इस आयोजन के बारे में सरसई निवासी सुनील समाधिया ने जानकारी देते हुए बताया कि वैसे तो हर शनिवार को मंदिर पर सुंदरकांड का आयोजन होता ही है, लेकिन 13 मार्च शनिवार का आयोजन विशेष कारणों से किया गया था।
दरअसल इन दिनों खेतों में फसल कटाई का कार्य चल रहा है। हर साल फसल कटाई के दिनों में बारिश और अन्य प्राकृतिक आपदाओं से बचाव के लिए क्षेत्र के किसान दो वर्षों से सामूहिक स्तर पर 108 सुंदरकांड पाठ का आयोजन कर हनुमानजी से रक्षा की गुहार लगाते हैं। इस बार भी किसानों ने फसलों की सुरक्षा को लेकर ईश्वर से सामूहिक प्रार्थना की है। सुंदरकांड के बाद मंदिर परिसर में भंडारे का भी आयोजन किया गया।
बतादें कि अभी हाल ही में 11 और 12 मार्च को हुई बेमौसम बारिश ने किसानों को चिंता में डाल दिया था। इन दिनों जहां खेतों में गेंहू, चना, मटर, सरसों की फसल पककर तैयार खड़ी हैं, वहीं कुछ जगह फसलें कट भी चुकी हैं। अचानक मौसम में आए बदलाव के कारण भांडेर क्षेत्र में भी खेतों में खड़ी फसल को नुकसान पहुंचा है। कहीं जगह खेतों में फसल तेज हवा और बारिश के कारण बिछ गई है। इन आपदाओं से बचने के लिए किसानों द्वारा सरसई हनुमान मंदिर पर सामूहिक सुंदरकांड का आयोजन किया गया था। इस दौरान आसपास के गांवों के किसानों ने धार्मिक आयोजन में भाग लेकर पाठ किया।

