ट्रैक्टर ट्राली से टकराई 11 केवी बिजली लाइन : करंट की चपेट में आने से किसान की हुई मौत

Datia news : दतिया। ओवरलोड ट्रैक्टर ट्रालियों से हादसे बढ़ने लगे हैं। अक्सर किसान ट्रैक्टर ट्रालियों में क्षमता से अधिक सामग्री भर लेते हैं। इससे गांव में निकली बिजली लाइनों के तारों से ट्रालियों में भरा सामान टकराकर संपर्क में आ जाता है और दुर्घटनाएं घटित होती है।

ऐसा ही मामला थरेट थाना क्षेत्र के ग्राम परसोंदा गुर्जर में घटित हुआ। जहां ट्रैक्टर ट्राली में सामान भरकर ला रहा किसान बिजली तार ऊपर करने के चक्कर में करंट की चपेट में आकर जान गंवा बैठा।

जानकारी के अनुसार गब्बर सिंह पाल पुत्र कुंमेद सिंह पाल निवासी इंदरगढ़ ट्रैक्टर ट्राली से इंदरगढ़ से ग्राम परसोदा गुर्जर गया था। जहां से वह ट्रैक्टर ट्राली में सामान भरकर वापिस इंदरगढ़ की ओर आ रहा था।

इस दौरान ग्राम परसोंदा गुर्जर के पास रास्ते में 11 केवी विद्युत लाइन के तार ट्राली में भरे सामान से टकराते देख युवक ने ट्राली के ऊपर चढ़कर विद्युत लाइन के तार को लकड़ी

की सहायता से ऊपर करने की कोशिश की। इसी प्रयास में अचानक तार नीचे गिर गए और किसान करंट की चपेट में आ गया। थरेट थाना पुलिस ने जिला अस्पताल दतिया पहुंच कर शव को पीएम के लिए भिजवाया। थरेट थाना पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर लिया है।

परिवार का छिना सहारा : मृतक गब्बर सिंह पाल खेती किसानी करके अपने परिवार का पालन पोषण करता था। मृतक अपने पीछे अपनी पत्नी और डेढ़ साल का बच्चा छोड़ गया है।

इस घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। वहीं अचानक घटी इस घटना के बाद गांव में भी लोग सदमे में दिखे। जिला अस्पताल में मृतक के शव को पीएम के लिए लाया गया। जहां पुलिस ने पहुंचकर घटना के संबंध में मर्ग कायम कर लिया है।

 

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter