कंजर डेराें पर दविश देकर पकड़ी 11 लाख की अवैध शराब, जब्त कर नष्ट की

दतिया ।  नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत 22 दिसंबर को दतिया जिले में अवैध मदिरा की बिक्री पर रोकथाम के लिए पुलिस व प्रशासन के सहयोग से जिला आबकारी अधिकारी निधि जैन के नेतृत्व में आबकारी विभाग एवं पुलिस थाना बल उनाव ने थाना क्षेत्र के ग्राम सेरसा में संयुक्त दविश देकर कार्रवाई की। जिसमें सेरसा कंजर डेरा पर दविश में 11 लाख की शराब जब्त कर नष्ट की गई। आबकारी विभाग की यह बड़ी सफलता मानी जा रही है।

जानकारी के अनुसार मुखबिर से प्राप्त सूचना पर निधि जैन जिला आबकारी अधिकारी ने विभागीय टीम व पुलिस बल के साथ आबकारी वृत्त दतिया में स्थित सेरसा कंजर डेरा में दविश दी। इस दविश के दौरान मौके पर 20 हजार किग्रा गुड़ लाहन एवं 300 बल्क लीटर हाथ भट्टी से बनी शराब, अवैध मदिरा बनाने के उपकरण एवं संग्रहित किए जाने का सामान जिसमें 64 नीले रंग के ड्रम, 09 भट्टी, 07 परातें, 04 बड़े हौद व अन्य सामान कब्जे में लेकर कर, आबकारी अधिनियम की धाराओ में अज्ञात लोगों पर कुल 4 प्रकरण कायम किए गए।  मौके पर मिली शराब एवं शराब बनाने के उपकरणों की कुल कीमत लगभग 11 लाख 20 हजार आंकी गई है।

गौरतलब है कि आबकारी अधिकारी निधि जैन की सक्रियता के चलते आबकारी टीम पिछले कुछ माह से लगातार अवैध शराब बनाने के ठिकानों पर दबिश देकर लाखों रुपये की अवैध शराब और उपकरण बरामद कर चुकी है। इन कार्रवाईयों से अवैध शराब कारोबारियों में हडकंप मचा हुआ है।  उक्त कार्रवाई में वृत्त प्रभारी दतिया तुकाराम वर्मा आबकारी उपनिरीक्षक, केएल भगोरा सहायक जिला आबकारी अधिकारी, थाना प्रभारी उनाव धर्मेन्द्र सिंह कुशवाहा तथा वृत्त प्रभारी दतिया अनिरूद्ध खानवलकर आबकारी उपनिरीक्षक की भूमिका रही।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter