दुकान पर जूते खरीदने गए किसान की जेब से उड़ाए 46 हजार रुपये, मौके पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीव्ही की फुटेज खंगाली, नहीं मिला चोर

Datia News : दतिया । बूट हाउस पर बच्चे के लिए जूते खरीदने गए एक व्यक्ति की जेब से किसी अज्ञात चोर ने नगदी पार कर दी। जब व्यक्ति ने जूतों का भुगतान करने के लिए अपनी जेब में हाथ डाला तो वह खाली थी।

यह देख उसके होश उड़ गए और उसने जेब से रुपये निकाल लिए जाने को लेकर आसपास पूछतांछ की। जब कुछ पता नहीं लगा तो मामले की रिपोर्ट पुलिस में दर्ज कराई गई।

सेवढ़ा थाना अंतर्गत स्थानीय बाजार में सोमवार को जूते खरीदने गए एक अधेड़ की जेब से किसी अज्ञात चोर ने 46 हजार रुपये निकाल लिए। अधेड़ अपने पुत्र के लिए जूते खरीदने के लिए पहुंचा था।

पुलिस ने अधेड़ की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया है। अज्ञात चोर की तलाश की जा रही है। सीसीटीवी कैमरे के फुटेज में भी यह घटना कैद होने की बात कही जा रही है। जिसके आधार पर आरोपित की तलाश की जा रही है।

सेवढ़ा थाना प्रभारी धीरेंद्र मिश्रा ने बताया कि हरिमिलन पुत्र रामेश्वर दयाल शर्मा निवासी ग्राम सिरसा जब बाजार में जूते की दुकान पर अपने बेटे के साथ जूते खरीद रहा था, उसी दौरान जूते की दुकान पर ही उसकी जेब में रखे 46 हजार रुपये किसी अज्ञात चोर ने पार कर दिए।

इस घटना की सूचना पुलिस को दी गई। इस पर पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने वहां छानबीन की। किंतु आरोपित का कोई पता नहीं चल सका। पुलिस ने आसपास की दुकानों के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी निकलवाई है।

बताया जाता है कि अधेड़ फसल बेचकर अपने गांव लौट रहा था। गांव जाने से पहले अपने पुत्र के लिए जूता खरीदने के लिए दुकान में पहुंचा था, तभी ये घटना घटित हो गई। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!