नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रूसी संघ के राष्ट्रपति महामहिम व्लादिमीर पुतिन के साथ टेलीफोन पर बातचीत की।
प्रधानमंत्री ने उन्हें रूसी संघ के राष्ट्रपति के रूप में फिर से चुने जाने पर बधाई दी और रूस के मैत्रीपूर्ण लोगों की शांति, प्रगति और समृद्धि के लिए शुभकामनाएं दीं।
दोनों नेता आने वाले वर्षों में दोनों देशों के बीच विशेष एवं विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की दिशा में ठोस प्रयास करने पर सहमत हुए।
उन्होंने द्विपक्षीय सहयोग के विभिन्न मुद्दों में प्रगति की भी समीक्षा की और आपसी हित के क्षेत्रीय एवं वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया।
रूस-यूक्रेन संघर्ष पर चर्चा करते हुए, प्रधानमंत्री इसके संभावित समाधान के लिए भारत की बातचीत और कूटनीति की दृढ़ स्थिति को दोहराया।दोनों नेता लगातार संपर्क बनाए रखने पर सहमत हुए।
प्रधानमंत्री 21-22 मार्च को भूटान की यात्रा करेंगे : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 21-22 मार्च 2024 के दौरान भूटान की राजकीय यात्रा करेंगे। यह यात्रा भारत और भूटान के बीच नियमित रूप से होने वाली उच्चस्तरीय आदान-प्रदान की परंपरा और सरकार की ‘पड़ोसी प्रथम की नीति’ पर जोर देने की कवायद के अनुरूप है।
इस यात्रा के दौरान, प्रधानमंत्री भूटान के राजा महामहिम जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक और भूटान के चौथे राजा महामहिम जिग्मे सिंग्ये वांगचुक से मुलाकात करेंगे। प्रधानमंत्री भूटान के प्रधानमंत्री महामहिम श्री शेरिंग टोबगे के साथ भी बातचीत करेंगे।
भारत और भूटान के बीच आपसी विश्वास, समझ एवं सद्भावना पर आधारित एक अनूठी व स्थायी साझेदारी है। हमारी साझी आध्यात्मिक विरासत और दोनों देशों के लोगों के बीच मधुर संबंध हमारे असाधारण संबंधों में घनिष्ठता एवं जीवंतता का समावेश करते हैं। यह यात्रा दोनों पक्षों को पारस्परिक हित के द्विपक्षीय एवं क्षेत्रीय मामलों पर विचारों का आदान-प्रदान करने और दोनों देशों के लोगों के लाभ के लिए हमारी अनुकरणीय साझेदारी को विस्तारित एवं मजबूत करने के तौर-तरीकों पर विचार-विमर्श करने का अवसर प्रदान करेगी।


