5 दिन में दूसरी बार ठप्प हुआ फेसबुक और इंस्टाग्राम, WhatsApp पर नहीं पड़ा कुछ असर

वाशिंगटन, एएनआइ : इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म इंस्टाग्राम, फेसबुक व वाट्सएप शुक्रवार को एक बार फिर ठप पड़ गए। मौजूदा हफ्ते में यह दूसरा मौका है, जब इनके यूजर को परेशानियों का सामना करना पड़ा है। इस बार भी कंपनी ने नेटवर्किंग की त्रुटि को जिम्मेदार ठहराया है।

फेसबुक ने ट्विटर पर कहा, ‘हमें जानकारी हुई है कि कुछ यूजर को हमारे एप व अन्य उत्पाद के इस्तेमाल में परेशानी हो रही है। हम जल्द से जल्द सेवाओं को समान्य करने का प्रयास कर रहे हैं। असुविधा के लिए खेद है।’ रायटर के अनुसार, कुछ यूजर इंस्टाग्राम पर पोस्ट साझा नहीं कर पा रहे थे, जबकि कुछ फेसबुक मैसेंजर के जरिये संदेश का आदान प्रदान नहीं कर पा रहे थे।

इसे लेकर यूजर ने ट्विटर पर तरह-तरह के चुटकुले और मीम भी साझा करने शुरू कर दिए। एक ने कहा, ‘लगता है फेसबुक अब हफ्ते में सिर्फ तीन दिन काम करने लगा है। सोमवार और शुक्रवार को उसने शटडाउन रखना शुरू कर दिया है।’

करीब दो घंटे बाद कंपनी ने एप व अन्य उत्पादों की दिक्कतों को दूर करने का दावा करते हुए एक बार फिर यूजर से माफी मांगी। उल्लेखनीय है कि सोमवार को फेसबुक, इंस्टाग्राम, मैसेंजर व वाट्सएप करीब छह घंटे तक ठप रहे थे।

इसके कारण करीब 3.5 अरब यूजर को परेशानियों का सामना करना पड़ा था, जबकि कंपनी को करोड़ों डालर का नुकसान उठाना पड़ा था। उसके शेयर में भी करीब पांच फीसद की गिरावट आई थी। 

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter