नगर में एक साथ जगमाएंगे 50 हजार मिट्टी के दिये, दीपावली जैसा होगा नजारा, मां पीतांबरा की रथयात्रा से एक दिन पहले मनेगा दीपोत्सव

Datia News : दतिया। मां पीताम्बरा जयंती एवं दतिया गौरव दिवस के उपलक्ष में एक दिन पूर्व यानि 3 मई की शाम नगर में दीपावली जैसा नजारा देखने को मिलेगा। इस दिन दीपोत्सव जैसी धूम रहेगी। शाम होते ही नगर में लोग अपने-अपने घरों पर रोशनी कर लगभग 50 हजार मिट्टी के दीपक एक साथ जलाएंगे।

इसको लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई है। दतिया गौरव दिवस व पीतांबरा जयंती के आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। इस आयोजन के दिन दतिया में उत्सवी माहौल रहेगा। एक दिन पूर्व से ही नगर में सजावट का क्रम शुरू हो जाएगा।

नगरवासियों को सहभागी बनाते हुए इस आयोजन में शामिल होने का न्यौता भी दिया जाएगा। इसके साथ ही जिन स्थानों से 4 मई को रथयात्रा निकलेगी उन स्थानों पर पड़ने वाले धार्मिक स्थानों पर भी एक दिन पूर्व से ही आकर्षक साज सज्जा की जाएगी।

आयोजन की गरिमामय तैयारियों को लेकर कलेक्टर संजय कुमार ने नोडल अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी हैं। अभी तक इस दिशा में हुए कार्यों की समीक्षा भी वह कर चुके हैं।

गत दिवस भी न्यू कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कमलेश भार्गव, अपर कलेक्टर रूपेश उपाध्याय, एसडीएम दतिया ऋषि कुमार सिंघई सहित नोडल अधिकारियों की मौजूदगी में दतिया गौरव दिवस की तैयारियों को लेकर विचार विमर्श किया गया।

3 व 4 मई को नगर में रहेगा उत्सव का माहौल : 3 एवं 4 मई को पूरा दतिया नगर में एक उत्सव का माहौल रहेगाा। इसके लिए 3 मई की शाम को पूरे दतिया नगर के घरों में रोशनी कर एक साथ 50 हजार मिट्टी के दीपक जलाए जाएंगे। इस संबंध में कलेक्टर ने बताया कि 4 मई को पीताम्बरा जयंती एवं दतिया गौरव दिवस का आयोजन जनसहभागिता से ऐसा करना है जिससे दतिया की परंपरा के साथ यह आयोजन भी जिले के लिए ऐतिहासिक एवं यादगार बन सके।

उन्होंने कहाकि इसके लिए अधिकारियों को नोडल अधिकारी के रूप जो जवाबदेही सौंपी गई है उसे वह पूरी ईमानदारी एवं मनयोग से निभाएं। जबावदारी को भार मानकर कार्य न करें। उन्होंने कहाकि हम बड़े सौभाग्यशाली है कि हमें भी मां पीताम्बरा का जन्मोत्सव एवं दतिया गौरव दिवस के आयोजन में सहभागिता करने का अवसर मिला है।

रथयात्रा मार्ग को बनाया जाएगा आकर्षक : 4 मई को दतिया गौरव दिवस पर निकलने वाली मां पीतांबरा की रथयात्रा में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री व पीठ की ट्रस्ट अध्यक्ष वसुंधरा राजे भी शामिल होने आएंगी।

इस आयोजन को भव्य बनाने के लिए गृहमंत्री डा.नरोत्तम मिश्रा स्वयं तैयारियों को लेकर लगातार समीक्षा बैठक कर रहे हैं। व्यवस्थाओं को लेकर वह खुद दिशा निर्देश दे रहे हैं।

रथयात्रा मार्ग को लेकर भी विशेष तैयारियां रहेंगी। रथयात्रा मार्ग पर आकर्षक साज सज्जा के साथ ही सड़क, पानी व सफाई की समुचित व्यवस्था कराई जाएगी। ताकि श्रद्धालुओं को इस दौरान कोई परेशानी न हो।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!