कार में मिला 68 किलो अवैध गांजा और हथियार : न्यायालय ने पुलिस तफ्तीश में छूटे अपराधियों को बनाया मुल्जिम

Datia News : दतिया। वाहन चैकिंग के दौरान पुलिस को 68 किलो गांजा और अवैध हथियार मिले थे। इस संबंध में पुलिस ने कार सवार युवकों को आरोपित बनाया था। लेकिन इस मामले में संलिप्त अन्य अभियुक्त पुलिस तफ्तीश में छूट गए थे। जिसके बाद तफ्तीश में छूटे अपराधियों को न्यायालय ने मुल्जिम बनाया है।

जानकारी के अनुसार बडौनी थाना पुलिस द्वारा ग्राम घूघसी को जाने वाली कच्ची रोड पर कल्याण सिंह रावत की कोठी के पास वाहनों की चैकिंग की जा रही थी। इस दौरान दतिया तरफ से आ रही कार बिटारा ब्रेजा को पुलिस ने रोककर चैक किया तो उसमें चालक सहित कुल 03 व्यक्ति बैठे थे।

जिनसे पुलिस द्वारा पूछतांछ की गई तो उक्त वाहन के चालक ने अपना नाम मोहित दुबे, चालक के बगल में बेटे व्यक्ति ने अपना नाम गब्बर विश्वकर्मा तथा बीच वाली सीट पर बैठे व्यक्ति ने अपना नाम लल्ला उर्फ गणेश विश्वकर्मा होना बताया।

उक्त बिटारा ब्रेजा वाहन की तलाशी के दौरान लगभग 68 किलो गांजा बरामद हुआ। साथ ही उक्त वाहन में बैठे व्यक्तियों की तलाशी लिए जाने पर उनके पास से 315 बोर का कट्टा एवं कारतूस जप्त किया गया।

वाहन में मिले उक्त तीन व्यक्तियों से जप्त गांजा एवं कट्टा कारतूस को लेकर थाना बड़ोनी में प्रकरण दर्ज किया गया। विवेचना उपरांत संबंधित आरोपितों के विरुद्ध अभियोगपत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। अभियोजन द्वारा उक्त प्रकरणों के अवलोकन पश्चात यह तथ्य पाया गया कि प्रकरण में संलिप्त अन्य संबंधित लोगों को उक्त थाना पुलिस द्वारा अभियुक्त नहीं बनाया गया।

जिस कारण उक्त प्रकरण में संलिप्त अभियुक्त बनाए जाने बाबत जिला अभियोजन अधिकारी, दतिया आरसी चतुर्वेदी द्वारा संबंधित न्यायालय में आवेदन पत्र प्रस्तुत किया गया।

जिससे सहमत होते हुए न्यायालय ने रामलखन उपाध्याय, आयुष भोंडले तथा विनीत शुक्ला को प्रकरणों में अभियुक्त बनाया गया। प्रकरण में संलिप्त शेष व्यक्तयों के संबंध में संबंधित थाने को अग्रिम विवेचना किए जाने के लिए निर्देशित किया गया है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!