क्रेडिट कार्ड एक्टिवेट करने का झांसा देकर खाते से गायब कर दिए 75 हजार, पंचायत सचिव के साथ हुई ठगी

Datia News : दतिया। भांडेर में साइबर क्राइम बढ़ते जा रहे हैं। कुछ दिन पूर्व ही यहां से दो लोगों के खाते से रुपये निकल लिए गए थे। उसको लेकर पुलिस को शिकायती आवेदन भी दिए गए। अब नया मामला क्रेडिट कार्ड को लेकर सामने आया है। जहा क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाते ही भांडेर की पिपरौआकला पंचायत सचिव प्रहलाद गोस्वामी ठगी का शिकार हो गया।

उसके खाते से करीब 75 हजार रुपये की राशि निकल गई। इस मामले में एसबीआई शाखा पटेल रोड भांडेर में क्रेडिट कार्ड संबंधी कार्य करने वाली महिला कर्मचारी अदिति ओझा पर भी पीड़ित सचिव ने संदेह जताया है। पीड़ित द्वारा एसडीओपी भांडेर को अपने साथ हुई इस ठगी के विरुद्ध शिकायत दर्ज कराई गई है।

इसके अलावा 21 दिसंबर को सीएम हेल्पलाइन पर भी उसने शिकायत की है। वहीं पूरे मामले में बैंक सचिव द्वारा ओटीपी शेयर किए जाने को उनकी गलती मान रहा है।

पीड़ित सचिव प्रहलाद गोस्वामी के मुताबिक उन्होंने बैंक की महिला कर्मचारी अदिति के कहने पर क्रेडिट कार्ड बनवाया था। जिसकी लिमिट 28 हजार रखी गई। अक्टूबर में कार्ड बना और 29 नवंबर को कार्ड की सुविधा और वार्षिक शुल्क के नाम पर में क्रेडिट कार्ड से 3538 रुपये की राशि काट ली गई।

इस कारण उन्होंने न तो कार्ड का उपयोग किया और न ही उसे एक्टिवेट कराया। जिसके बाद अदिति ओझा का कार्ड को एक्टिवेट कराने के लिए प्रहलाद के पास कई बार काल आए। लेकिन उसने कार्ड एक्टिवेट कराने की बात को टाल दिया।

इसके बाद 6 दिसंबर को प्रहलाद के पास शाम को मोबाइल नं. 8017219469 से एक लड़की का काल आया कि मैं एसबीआई बैंक क्रेडिट कार्ड एम्प्लॉई बोल रही हूं। उसने प्रहलाद को कार्ड संबंधित वे सभी जानकारियां बताईं जो सिर्फ अदिति को पता थी। उसने कहाकि आप एसबीआई क्रेडिट कार्ड एक्टिवेट करा लीजिए।

नहीं तो आप पर उल्टा-सीधा चार्ज लगेगा। चूंकि क्रेडिट कार्ड से पहले ही 3538 रुपये कट चुके थे। लिहाजा अन्य कटौती से बचने के लिए प्रहलाद ने उस अज्ञात लड़की की बात मान ली और मोबाइल पर बताए स्टेप अनुसार कार्ड को एक्टिवेट करा लिया।

कार्ड एक्टिवेट होने के बाद उस लड़की ने कार्ड की लिमिट 28 हजार से बढ़ाकर 75 हजार करने की समझाइश देकर प्रहलाद से ओटीपी नंबर पूछ लिया। बस यहीं चूक ठगी का कारण बन गई। ओटीपी बताते ही प्रहलाद के खाते से 75 हजार 890 रुपये की राशि निकलकर किसी अंजान के खाते में ट्रांसफर हो गई।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!