ऑटो में भरकर चाेरी का माल झांसी बेचने जा रहे चोर पुलिस ने दबोचे, 8 एलईडी टीवी हुई बरामद

दतिया ।  शहर के किलाचौक स्थित नीलकमल फर्नीचर एवं शोरुम को निशाना बनाकर दो दिन पूर्व वहां से एलईडी व नगदी समेट ले गए चोरों को कोतवाली व चिरुला पुलिस ने माल सहित गिरफ्तार किया है। चोर आटो में चोरी का माल भरकर झांसी बेचने जा रहे थे। जिन्हें पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। इस दौरान 4 आरोपी भागने में सफल हो गए।

एसपी अमन सिंह राठौड ने चोरी की इस घटना को गंभीरता से लेते हुए चोर को जल्दी दबोचने के निर्देश दिए थे। जिसके बाद एएसपी कमल मौर्य एवं एसडीओपी सुमित अग्रवाल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली रविंद्र गुर्जर एवं थाना प्रभारी चिरुला भूमिका दुबे की टीम ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर चोरों की तलाश शुरू की। जिस पर जानकारी मिली कि चोर माल को ठिकाने लगाने झांसी की तरफ जा रहे हैं। जिसके बाद कोतवाली एवं थाना चिरुला टीम ने चेकिंग लगाई। इस दौरान एक ऑटो आता दिखाई दिया जिसे रोककर तलाशी ली गई ।

तलाश के दौरान पुलिस ने आटो से आरोपित रवि कुशवाहा एवं काशीराम कुशवाहा निवासी का लाला का ताल को पुलिस ने पकड़ लिया। जबकि हेमंत कुशवाहा, काले कुशवाहा, आनंद कुशवाहा एवं एक अन्य अज्ञात भाग निकले। पकड़े गए चोर रवि कुशवाहा एवं काशीराम से पूछतांछ की गई तो उन्होंने बताया कि 7 मार्च की रात्रि किला चौक सब्जी मंडी स्थित  नीलकमल शोरूम की छत की चादर तोड़कर वहां से आठ एलईडी व नगदी चोरी की थी।

इसके अलावा चोरों ने किला चौक पर ही भवानी पार्क के जनरल स्टोर की दुकान में भी चोरी की घटना को कबूला। उक्त चोरों से अन्य चोरियों की घटना का खुलासा होने की संभावना जताई गई है। इस कार्रवाई में टीआई रविंद्र सिंह गुर्जर, थाना प्रभारी चिरुला भूमिका दुबे, एसआई मनोज गौतम, हरेंद्र सहित पुलिस बल की भूमिका रही।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter