मुस्लिम परिवार के घर में आग लगाने वाले चारों आरोपी पुलिस ने पकड़े

दतिया. धीरपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम इकौना में पुरानी रंजिश के चलते मुस्लिम परिवार के सदस्यों से मारपीट कर उनके घर में आग लगाकर दहशत फैलाने वाले गुर्जर जाति के चार आरोपितों को पुलिस ने घटना के 12 घंटे बाद ही गिरफ्तार कर लिया। मारपीट और आगजनी की घटना शनिवार रात की है। जिसमें महिला समेत तीन लोग घायल हुए थे। घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद पुलिस ने तत्परता और सूझबूझ से इस घटना के फरार सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया ।

थाना प्रभारी आशुतोष शर्मा ने बताया कि धीरपुरा के ग्राम इकौना में दबंगों ने रंजिश के चलते मुस्लिम परिवार के घर में घुसकर लाठी-डंडों से वहां मौजूद लोगों की मारपीट कर दी। उसके बाद घर में आग लगा दी। इस घटना में बब्बू खान, बिस्मिला खान और साजना खान घायल हो गए थे। जिन्हें पुलिस ने उपचार के लिए चिकित्सालय भेज दिया है। सुरक्षा की दृष्टि से गांव में पीड़ित परिवार के घर पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है । घटना के संबंध में पुलिस ने चार आरोपितों की नामजद रिपोर्ट दर्ज की थी।

घटना के 12 घन्टे बाद ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया । इस घटना से पूर्व भी पीड़ित परिवार ने थाने में इन दबंगों की शिकायत की थी। जिससे बौखलाकर दबंगों ने मारपीट और आगजनी की घटना को अंजाम दे डाला । घटना के आरोपित राजाभैया गुर्जर, रामपाल गुर्जर, रामअवतार गुर्जर और बल्ली गुर्जर निवासी इकौना को ग्राम तिगरा रोड से पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के विरुद्ध मारपीट व आगजनी करने संबंधी मामला दर्ज किया गया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी के साथ आरक्षक सतेंद्र सिकरवार, योगेंद्र सिंह, जितेंद्र सिंह, विशाल श्रीवास्तव, रवि की भूमिका रही।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter