उपचुनाव में मिली हार का बदला निकाय और पंचायत चुनाव जीतकर लें कांग्रेसी

धन्यवाद सभा में बरैया ने किया आव्हान

दतिया।  भांडेर उपचुनाव में मतदान के बाद यह चर्चा थी कि कांग्रेस यहां से 25 से 50 हजार वोटों से जीतेगी। इतने अंतर से जीतने वाली सीट पर मशीन की गिनती में 51 का अंतर रह जाएं तो अंदाजा लगाया सकता है कि हमारे दिमाग में जो जीत की बड़ी लीड थी, उस लीड को धमकी और धन की आंधी-तूफान ने जीरो तक ला दिया। यदि इसी तरह हमने धमकी और पैसे को स्वीकार कर लिया तो रिजल्ट आगे भी ऐसा ही रहेगा। यह बात सोमवार को भांडेर उपचुनाव में पराजय झेलने के बाद वहां आयोजित धन्यवाद सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस के प्रत्याशी रहे फूलसिंह बरैया ने भाजपा पर चुनाव में धन-बल के बेतहाशा उपयोग का आरोप लगाते हुए कही।

उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से कहाकि आगामी निकाय चुनावों में विधानसभा चुनाव में मिली पराजय का बदला लेने के लिए पूरी तैयारी कर लें। बरैया ने कहाकि आने वाले समय में निकाय, पंचायतों के चुनाव होने हैं। प्रयास करें कि जो दूसरी राह चले गए उन्हें वापिस साथ लें और विधानसभा की पराजय का बदला लें।

केंद्र सरकार को किसानों की भी परवाह नहीं

धन्यवाद सभा में बरैया ने किसान आंदोलन की चर्चा करते हुए कहाकि इन दिनों सर्दी के मौसम में भी दिल्ली में किसान अपने हक के लिए आंदोलन कर रहा है। उनकी मांग तीन किसान विरोधी कानूनों को समाप्त कराना है। लेकिन केंद्र की सरकार इस पर राजी नहीं है। केंद्र की सरकार को जरा भी डर नहीं कि इससे उसे नुकसान होगा, क्योंकि भाजपा फिर धन बल का उपयोग कर चुनाव में जीतने का प्रयास कर लेगी। उन्होंने कहाकि भांडेर में भी पोलिंग जीतने के मामले में कांग्रेस का प्रदर्शन भाजपा से बेहतर है। सभा में जिलाध्यक्ष नाहर सिंह यादव, ब्लॉक अध्यक्ष भांडेर संदीप सिंह यादव, अशोक दांगी बगदा, राकेश सिंह सेंगर, शहउद्दीन सिद्दीकी, मुकुट सिंह यादव, डालचंद्र पांचाल, राजकुमारी परिहार, रामू गुर्जर, नासिर बक्स मंसूरी, नारायण बौद्ध सहित कई कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter