किसानों की जिंदगी में क्रांतिकारी बदलाव लाएगा कृषि बिल, कृषि मंत्री तोमर ने कहा

ग्वालियर ।  भाजपा नेताआंे ने ग्वालियर मेंे किसान सम्मेलन आयोजित कर केंद्र सरकार द्वारा लाए गए कृषि बिल की विशेषताओं के बारे में आम लोगों तक जानकारी पहुंचाने का प्रयास किया। दिल्ली में नए कृषि कानून के खिलाफ किसान पिछले कई दिनों से प्रदर्शन कर रहे हैं, वहीं भाजपाई नेता किसानों को नए कृषि कानून के लाभ गिनाने में लग गए हैं। प्रदेश में किसान सम्मेलनों की शुरुआत कर आम जन तक कृषि कानून को लेकर जानकारी पहुंचाई जा रही है। ग्वालियर में भी इसे लेकर किसान सम्मेलन का आयोजन किया गया जिसमें केंद्रीय कृषि मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर और राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने किसानों को संबोधित किया।

ग्वालियर के फूलबाग में आयोजित किसान सम्मेलन के दौरान केंद्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने मंच से कहा कि किसान सरकार की सबसे पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहाकि मैं दावा से कह रहा हूं कि ये तीन कृषि कानून भविष्य में किसानों की जिंदगी में क्रांतिकारी बदलाव लाएंगे। नए कृषि कानून लागू होने के बाद छोटे-छोटे किसान एकीकृत तरीके से खेती कर ज्यादा और अच्छी फसल ले सकेंगे। फसलों को अपनी मर्जी से अपने दामों पर बेच कर लाभ कमा सकेंगे। लेकिन विपक्षी पार्टियां किसानों में कृषि बिल को लेकर भ्रम फैल रही है। तोमर ने कहा कि अधिकांश किसान संगठन नए कृषि कानूनों को सही मान चुके हैं। पंजाब के कुछ किसान जरुर सरकार से नाराज हैं, जिनसे लगातार बातचीत की जा रही है और उम्मीद है कि उन्हें जल्द ही मना लिया जाएगा।

सम्मेलन में राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मंच से किसानों को कृषि कानून के लाभ गिनाए। साथ ही कांग्रेस पर भी जमकर निशाना साधा। सिंधिया ने कहाकि किसान देश का अन्नदाता है, खाद-पानी के साथ साथ अपने पसीने से फसल को सींचता है। पीएम नरेन्द्र मोदी किसानों के साथ हैं और उन्होंने किसानों को साथ लेकर आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाने का संकल्प लिया है, जिससे विपक्ष डरा हुआ है और इसलिए किसानों को गुमराह कर रहा है।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter