दतिया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की मंशा एवं निर्देश प्रदेश को मिलावट से मुक्ति अभियान के तहत शनिवार से जिले में मोबाइल लैब दतिया पहुंच गई है। इससे आम आदमंी भी 10 रूपये शुल्क देकर खरीदी गई वस्तु का सैंपलिंग करा सकेगा। इस लैब के माध्यम से खाद्य पदार्थो के मौके पर ही जांच की जा सकेगी। नमूना अमानक पाए जाने पर उसकी शिकायत खाद्य सुरक्षा विभाग को की जा सकती है। लैब की प्रमाणिक पर्ची को विभाग को मान्य करना होगा।
शनिवार को यह मोबाइल लैब दतिया पहुंचीं। सबसे पहले टाउन हॉल फ़ूड सेफ्टी ऑफिसर दिनेश निम की अगुवाई में खोवा मंडी एवं मन्टी हलवाई की गली से दूध,दही तथा खोवा के सैंपल लिए गए। इसी के साथ ही मौके पर ही इनकी जांच की गई है। फ़ूड सेफ्टी ऑफिसर दिनेश निम गोविंद गंज स्थित किराना मार्केट पहुंचे वहां से निखिल किराना स्टोर से दाल के सैंपल लिए गए। इसके साथ ही वही राधा किराना स्टोर से चाय पत्ती तथा चावल के नमूने भी लिए गए। लैब ने एक अन्य दुकान से चाय पत्ती, मिर्च, हल्दी,धनिया आदि मसालों के नमूने लेकर जांच की जा रही हैं। यह कार्रवाई दिनभर चलती रही। मोबाइल लैब स्टाफ भी इस कार्रवाई में शामिल रहा।
10 रूपये का शुल्क जमा कर करा सकेगा जांच
उपसंचालक खाद्य एवं औषधी प्रशासन दतिया ने बताया कि राज्य शासन द्वारा संचालित अभियान के तहत् मोबाईल फूड टैस्टिग वाहन ग्वालियर संभाग को प्रदाय किया गया है। यह वाहन 26 से 31 दिसंबर तक दतिया जिले का भ्रमण कर खाद्य प्रतिष्ठानों द्वारा विक्रय किए जाने वाले खाद्य पदार्थो की मौके पर ही मोबाइल फूड टैस्टिंग लैब द्वारा जांच की जाएगी। उपभोक्ता भी विभिन्न खाद्य पदार्थो की जांच 10 रूपये का शुल्क जमा कर जांच करा सकते है। जिले में मोबाइल फूड टैस्टिंग लैब रविवार को भी दतिया शहरी क्षेत्र में रहेगी। 28 दिसम्बर को सेवढ़ा, सालौन-बी, व पण्ड़ोखर क्षेत्र में, 29 दिसंबर को इन्दरगढ़, भगुवापुरा व थरेट क्षेत्र में, 30 दिसंबर को बड़ौनी, गोराघाट व सोनागिर क्षेत्र में और 31 दिसंबर को बसई क्षेत्र में मोबाइल फूड टैस्टिग लैब द्वारा पहुंचकर जांच की जाएगी।

