पीएम मोदी ने किया ईस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर का उद्घाटन, जानें इसके फायदे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्वी डेडीकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के ‘न्यू भाऊपुर- न्यू खुर्जा सेक्शन’ का वीडियो कांफ्रेंसिंग के ज़रिए किया उद्घाटन, पांच हज़ार 750 करोड़ रूपए की लागत से तैयार इस सेक्शन के खुलने से स्थानीय उद्योगों को मिलेगा बढ़ावा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्वी डेडीकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के ‘न्यू भाऊपुर- न्यू खुर्जा सेक्शन’ का वीडियो कांफ्रेंसिंग के ज़रिए उद्घाटन किया। इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने प्रयागराज के अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस कंट्रोल सेंटर का भी उद्घाटन किया। करीब 351 किलोमीटर लंबे इस फ्रेट कॉरिडोर को पांच हज़ार 750 करोड़ रूपए की लागत से तैयार किया गया है। इस गलियारे के बन जाने से जहाँ एक ओर देश में पहली बार मालगाड़ियां टाइम टेबल से चलेंगी तो वहीं दूसरी तरफ देश के सबसे व्यस्त रेल मार्गों में से एक कानपुर से दिल्ली के बीच रेल ट्रैफिक में भी कमी आएगी। इस सेक्शन के खुलने से स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा। 

इस मौके पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ये माल ढुलाई गलियारा आत्मनिर्भर भारत के लिए काफ़ी अहम है। इस गलियारे से व्यापारी, किसान और उपभोक्ता सभी लाभान्वित होंगे। पीएम मोदी ने कहा कि भारत. आधुनिक ट्रेनों का निर्माण अपने लिए भी कर रहा है और निर्यात के लिए भी कर रहा है। कोरोना काल में भारतीय रेलवे द्वारा उठाए कदमों की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि रेलवे ने ना सिर्फ सेवा की बल्कि लोगों को रोज़गार भी मुहैया कराया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश के इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास को राजनीति से दूर रखा जाना चाहिए और अगर राजनीति हो तो इंफ्रास्ट्रक्चर की गुणवत्ता, स्पीड, स्केल पर हो।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter