दतिया। सेवढ़ा अनुभाग के इंदरगढ़ क्षेत्र में िस्थत खैरोनाघाट पर रेत के अवैध परिवहन और उत्खनन की मिल रही लगातार शिकायतों के बाद प्रशासनिक अमले ने वहां पहुंचकर छापामार कार्रवाई की। इस कार्रवाई के दौरान अधिकारियों को मौके पर कोई नहीं मिला। इस दौरान अवैध रेत उत्खनन के लिए इस्तेमाल की जाने वाली पनडुब्बी को जब्त कर उसे जलाकर नष्ट किया गया। ताकि माफिया पर अंकुश लग सके। वहीं बुधवार को इंदरगढ़ तहसीलदार ने अवैध रेत परिवहन करते एक ट्रैक्टर ट्राली को जब्त किया है।
जानकारी के अनुसार गत दिवस तहसीलदार सुनील भदौरिया व नायब तहसीलदार दीपक यादव के साथ राजस्व व पुलिस अमले की टीम ने खैरोनाघाट पहुंचकर छापामार कार्रवाई की। लेकिन अधिकारियों के आने की भनक लगते ही नदी घाट पर पनडुब्बी छोड़कर माफिया भाग निकला। जिसके कारण मौके पर अधिकारियों को कोई नहीं मिल सका। इस दौरान घाट पर अवैध रेत उत्खनन के लिए लगाई गई पनडुब्बी मिलने पर उसे अमले ने जलाकर नष्ट कर दिया। वहीं अभियान के दौरान टीम ने ग्राम भरसूला के पास अवैध रेत का परिवहन कर रही ट्रैक्टर ट्रॉली को पकड़ लिया गया। जहां चालक रॉयल्टी संबंधी कागजात मांगने पर नहीं दिखा सका। जिसके बाद रेत से भरी ट्रैक्टर ट्राली गोराघाट पुलिस की सुपुर्दगी में रखवा दी गई। इस संबंध में आगे की कार्रवाई के लिए खनिज विभाग को सूचना दे दी गई है।

गौरतलब है कि अभी हाल ही में कलेक्टर संजय कुमार ने सभी अनुभागों के एसडीएम को अवैध उत्खनन में लगे माफिया के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। जिसके बाद से सेवढ़ा एसडीएम अनुराग निंगवाल ने अनुभाग के राजस्व अमले को धरपकड़ अभियान में लगाया गया है। जांच दल के भ्रमण के बाद से माफिया में हडकंप है।
