चालक की आंख लग जाने से डंपर दुकानों में जा घुसा, चार दुकानें क्षतिग्रस्त, हादसा टला

दतिया। दबोह से भांडेर की तरफ जा रहा डंपर ड्राइवर को नींद का झोंका आ जाने से असंतुलित होकर सड़क किनारे बनी दुकानों में जा घुसा। जिससे आसपास की 4 दुकानें क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत यह रही कि जिस समय यह हादसा घटित हुआ, उस समय राहगीर का आना जाना नहीं था। सुबह के समय सर्दी के कारण सड़क पर सन्नाटा पसरा था, नहीं तो बड़ी जनहानि हो जाती।

जानकारी के अनुसार पंडोखर में मुख्य सड़क से सुबह 7 बजे तेज गति से आ रहा डंपर अचानक सड़क किनारे बनी दुकानों में जा टकराया। जिसमें सोसाइटी बैंक की तरफ रोड पर बनी आशिक खान की दो दुकानें मोबाइल सेंटर व क्लाथ सेंटर, वृन्दावन दोहरे की किराना दुकान और चैनू शर्मा की मिष्ठान भंडार की दुकान क्षतिग्रस्त हो गई। हादसा डंपर चालक को अचानक नींद का झांेका आ जाने के कारण घटित हुआ। जिससे चारों दुकानदारों का लगभग 80 हजार रुपये नुकसान हुआ है। पुलिस ने डंपर जप्त कर लिया है।

सर्दी के कारण सड़क पर था सन्नाटा

जिस समय यह हादसा हुआ उस समय सुबह के 7 बजे सर्दी के कारण सड़क पर सन्नाटा पसरा था। ठंड के कारण लोग सुबह के समय अपने घरों में थे। ऐसे में तेज गति से आ रहे डंपर के चालक की अचानक चलते वाहन में आंख लग गई और डंपर का संतुलन बिगड़ गया। जिसके बाद डंपर सीधा दुकानों से जा टकराया। पुलिस पता लगा रही है कि कहीं चालक नशे की हालत में तो नहीं था। जिसके कारण यह हादसा घटित हुआ। फिलहाल दुकानदारों की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

 

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter