दतिया । शहर में बनाई जा रही सड़कों का काम समय सीमा में पूरा किया जाएं। सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें। संबंधित ठेकेदार इस संबंध में कोई कोताही न बरतें, नहीं तो कार्रवाई की जाएगी। यह निर्देश कलेक्टर संजय कुमार ने शनिवार को नगर पालिका ठेकेदार और अधिकारियों की बैठक के दौरान दिए। इससे पूर्व कलेक्टर ने कलेक्टर कुमार ने वार्ड 33 में गौड़बाबा कॉलोनी में निर्माणाधीन सीसी सड़क समेत अन्य निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया।
कलेक्टर ने नगर पालिका अधिकारी व ठेकेदारों की बैठक में सख्त लहजे में कहाकि शहर में चल रहे निर्माण कार्यों में गुणवत्ता को लेकर कोई समझौता नहीं किया जाएगा। इसे लेकर जहां नगर पालिका के संबंधित अधिकारीगण निगरानी रखें, वहीं ठेकेदार भी निर्माण कार्यों को लेकर कोई कोताही न बरतें, नहीं तो कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर ने कहाकि सड़क निर्माण आम आवागमन को सुविधा देने के लिए कराया जाता है। जो यदि गुणवत्ता पूर्ण नहीं होंगे तो समय से पहले ही जर्जर हाल में पहुंचकर लोगों के लिए परेशानी का कारण बनेंगे।
वहीं शासन की धनराशि का दुरुपयोग होगा। इसलिए जरुरी है कि सभी निर्माण कार्यों को पूरी गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाएं ताकि उस काम के लिए खर्च की जा रही राशि का वास्तविक लाभ आम लोगों को मिल सके। बैठक में सीएमओ एके दुबे, एई अंजली शुक्ला, उपयंत्री अंबक पाराशर, ठेकेदार सद्दन खान, अरुण तिवारी, ठेकेदार रामकुमार तिवारी समेत अन्य ठेकेदार भी मौजूद रहे।
सीसी रोड का किया निरीक्षण
कलेक्टर ने इससे पूर्व वार्ड क्रमांक 33 में गौड़बाबा कॉलोनी में निर्माणाधीन सीसी सड़क समेत अन्य निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य समय सीमा में पूरा करने के निर्देश भी संबंधित ठेकेदार को दिए। निरीक्षण के समय आसपास के लोग मौजूद रहे।

