खेत में चल रही जुआ फड पुलिस ने पकड़ी, 1 लाख 47 हजार की नगदी, 7 गाडियां व मोबाइल किए जप्त्

दतिया।  उनाव थाना क्षेत्र में जुआ फड पर दविश देकर पुलिस ने आधा दर्जन जुआरियों को गिरफ्तार कर फड से 1 लाख 47 हजार रुपये की नगदी, 7 चार पहिया वाहन, 4 मोबाइल फोन कुल 1 करोड 25 लाख का माल जब्त किया है। वहीं इस कार्रवाई के बाद एसपी अमन सिंह राठौड ने उनाव क्षेत्र में इतने बड़े स्तर पर जुआ संचालन को प्रथम दृष्टया थाना प्रभारी की शिथिल कार्यशैली मानते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

जानकारी के अनुसार एसपी अमन सिंह राठौड व एसएसपी कमल मौर्य ने टीम गठित कर मुखबिर की सूचना की तस्दीक के लिए एसडीओपी दतिया सुमित अग्रवाल के मार्गदर्शन में आरआई दतिया रविकांत शुक्ला, थाना प्रभारी सिनावल भूमिका दुबे, थाना प्रभारी चिरूला गिरीश शर्मा, थाना प्रभारी उनाव धर्मेंद्र कुशवाहा, सब इंस्पेक्टर नीरज कुमार को ग्राम कुमरिया दविश के लिए भेजा गया। जहां लक्ष्मण नारायण तिवारी के कुएं पर कुछ लोग ताश पत्तों से हार जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे थे। खेत पर बने कुएं के पास घेरा बनाकर बिजली की व्यवस्था से जुआ खेल रहे लोगों को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया।

पकड़े गए जुआरियों के नाम कौशल किशोर पुत्र लल्लू सिंह निवासी दमोह जिला भिंड, अमन चौहान पुत्र अशोक चौहान निवासी खुशीपुरा झांसी, सत्येंद्र शाक्य पुत्र घनश्याम निवासी खुशीपुरा झांसी, जफर खान पुत्र नूर मोहम्मद खान निवासी दमोह भिंड, लक्ष्मी चंद्र पुत्र सीताराम तिवारी निवासी कुमरिया उनाव एवं ऋषिकेश शर्मा पुत्र रामनिवास शर्मा निवासी थाटीपुर ग्वालियर बताए गए है। आरोपियों के कब्जे से 1 लाख 47 हजार रुपये की नगदी, 4 मोबाइल फोन, सात चार पहिया वाहन जप्त किए गए।

कार्रवाई के बाद थाना प्रभारी निलंबित

उनाव में पकड़े गए बड़े जुआ फड़ पर कार्रवाई के बाद एसपी राठौड ने इस मामले में उनाव थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह कुशवाह को निलंबित कर दिया है। इस संबंध में जारी आदेश में एसपी ने कहा है कि उनाव क्षेत्र में इतना बड़ा जुआ संचालित होना थाना प्रभारी की आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण में शिथिल कार्यशैली को दर्शाता है। जिसके कारण उन्हें निलंबित किया गया है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter