दतिया । स्थानीय बग्गी खाना शबरीधाम से राम भक्तों की टोली जब श्रीराम का जय जयकार करते हुए पीतांबरा की नगरी के मुख्य मार्गो से निकली तो पूरा शहर भी राममय हो गया। इसमें जहां बड़ी संख्या में युवक जय श्रीराम के नारे लगा रहे थे, वहीं दूसरी ओर महिलाएं और युवतियां भी केसरिया ध्वज लहराते हुए चल रही थी। जगह-जगह इस शोभायात्रा का व्यापारियों, नगरवासियों, समाजसेवियों ने जोरदार स्वागत किया। दूसरी ओर राम भक्तों की टोली के चारों ओर पुलिस का सख्त पहरा था। इस दौरान शहर की यातायात व्यवस्था बदलकर वाहनों को अन्य मार्गों से डायवर्ट किया गया।
श्रीराम मंदिर निर्माण समर्पण निधि चल समारोह मंगलवार की दोपहर को जैसे ही सड़कों पर निकला तो पूरा शहर भगवा रंग से रंग गया। युवक नारे लगाते हुए चल रहे थे। ‘रामलला का ध्यान करो मंदिर का निर्माण करो‘ साथ ही ’घर घर भगवा लहराएगा, रामराज आएगा’ की धुन बैंड पर बज रही थी, जिस पर युवक थिरक रहे थे। भाजपा युवा नेता विवेक मिश्रा सहित विश्व हिंदू परिषद, राष्ट्रीय स्वयं संघ के कार्यकर्ता और भाजपा के कई वरिष्ठ नेता भी इस शोभायात्रा में शामिल रहे। राम-सीता की झांकी भी एक रथ पर विराजमान कर निकाली गई । इस दौरान यह यात्रा बग्गीखाने से शुरू होकर बिहारी जी मार्ग, गांधी रोड, राजगढ़ चौराहा, बम बम महादेव होते हुए टाउनहाल, बड़ा बाजार होते हुए वापिस किला चौक बग्गी खाने पर संपन्न हुई।
इस दौरान श्रीराम मंदिर मंदिर निर्माण समिति से जुड़े नेताओं ने बताया कि यह मंदिर 2.7 एकड़ तथा 70 हजार 400 वर्ग फीट क्षेत्रफल में बनेगा। जिसकी कुल ऊंचाई 366 फुट 360 फुट होगी। चौड़ाई 235 फीट और ऊंचाई शिखर तक 161 फीट होगी। कुल 3 तल होंगे। एक तल की ऊंचाई 20 फुट होगी। इस दौरान जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से 10 रुपये, सौ रूपये और 1000 रुपये के कूपन के माध्यम से राशि एकत्रित की जाएगी। इसमें 2000 रुपये के कूपन भी अलग से रखे गए है। विहिप कार्यकर्ताओं ने बताया कि मंदिर निर्माण में दी गई राशि को केंद्र सरकार द्वारा 80-जी के तहत आयकर की छूट प्रदान की गई है। लोगों से भी इस चल समारोह में दान करने की अपील भी की गई। पूरे चल समारोह पर पुलिस की पैनी नजर रही। बताया जाता है कि अनेक संवेदनशील क्षेत्रों से गुजरते समय पुलिस का पूरा ध्यान इस बात पर था कि कहीं कोई घटना ना हो जाए।
इंदरगढ़ व भांडेर में भी निकाली गई शोभायात्रा
श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए समर्पण निधि एकत्रित करने के उद्देश्य से भांडेर और इंदरगढ़ क्षेत्र में भी बड़ी संख्या में लोगों ने शोभायात्रा निकाली। इस अवसर पर भगवान प्रभु श्रीराम का जय घोष करते हुए बैंड बाजों के साथ उत्साह का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर भांडेर में चल समारोह का स्वागत मंच लगाकर किया गया। इंदरगढ़ में भी समाजसेवी एवं अनेक संगठनों ने श्रीराम शोभायात्रा का स्वागत फूल बरसा कर किया।

