इंदरगढ़ । इंदरगढ़ में भांडेर रोड िस्थत राजपूत उत्सव वाटिका के सामने एक युवक की नशे की हालत में गंदे पानी से भरे नाले में डूब जाने से मौत हो गई। मृतक शराब पीने का आदी बताया जाता है। जो कुछ महिने से इंदरगढ़ में मजदूरी कर अपने परिवार का भरण पोषण करता था। जानकारी के अनुसार युवक सुनील पुत्र पूरन निवासी कोंच उप्र हाल निवास भांडेर रोड शराब के नशे में घर वापिस लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में पड़ने वाले नाले में डूबने से उसकी मौत हो गई।
घटना के बारे में इंदरगढ़ पुलिस को जानकारी देते हुए मृतक स्वजनों ने बताया कि मृतक सुनील शराब पीने का आदी था। वह शराब के नशे में घर आ रहा तभी शौच के लिए नाले के पास जाने पर पैर फिसलने से वह नाले में गिर पड़ा और उसकी डूबने से मौत हो गई। मृतक उप्र में ट्रक ड्राइवर था, लॉकडाउन में नौकरी चले जाने के बाद वह इंदरगढ़ में किराए के मकान में निवास कर रहा था। कस्बे में ही मजदूरी कार्य करता था।
शुक्रवार सुबह 7 बजे वहां से गुजरते समय लोगों की नजर नाले में तैरते हुए शव पर पड़ी तो क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी वाईएस तोमर पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और आसपास के लोगों से पूछतांछ के बाद शव का पंचनामा तैयार कर पीएम के लिए भिजवाया गया। स्वजनों को सौंप दिया। मृतक की तीन बेटियां एवं एक बेटा उसके साथ किराए के मकान में ही इंदरगढ़ में रहते थे। इस हादसे के बाद स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने फिलहाल मामला कायम कर लिया है।

