सबसे पहले सफाई कर्मी को लगी कोरोना वैक्सीन, टीकाकरण अभियान शुरु, खुश नजर आए स्वास्थ्यकर्मी

दतिया ।  कोरोना के खिलाफ बड़े टीकाकरण अभियान का जिले के तीन स्थानों पर शनिवार को शुभारंभ हुआ। जिसमें जिला चिकित्सालय दतिया, मेडीकल काॅलेज दतिया और सिविल हाॅस्पिटल सेवढ़ा में पूर्व से चिन्हित चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मियों को टीके लगाकर कोविड से बचाव के लिए सुरक्षा कवच पहनाया गया। इस दौरान गृहमंत्री डाॅ. नरोत्तम मिश्रा भी जिला चिकित्सालय दतिया पहुंचकर कोरोना टीकाकरण अभियान के कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने टीका लगवाने वाले चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों से चर्चाकर टीका लगवाने पर बधाई दी। उन्होंने इस दौरान टीका लगवाने वाले जिला चिकित्सालय के डाटा एंट्री आॅपरेटर शिवकुमार दुबे से चर्चा भी की। दुबे ने कहाकि टीका लगवाने पर उन्हें गर्व की अनुभूति हो रही है।

इस अवसर पर कलेक्टर संजय कुमार, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. एस.एन. उदयपुरिया, भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र बुधौलिया, पूर्व विधायक प्रदीप अग्रवाल, प्रशांत ढेंगुला, अतुल भूरे चौधरी, जिला टीकाकरण अधिकारी डाॅ. डीके सोनी, सिविल सर्जन डा. एसएन शाक्य सहित चिकित्सकगण, स्वास्थ्यकर्मी आदि उपस्थित रहै।

सफाई कर्मी पवन ने लगवाया पहला टीका

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा दुनिया के सबसे बड़े टीकाकरण अभियान के शुभारंभ के तत्काल बाद जिला चिकित्सालय दतिया में सर्वप्रथम अस्पताल के सफाईकर्मी पवन वाल्मीकी को पहला टीका लगाया गया। इसके बाद चिकित्सक हेमंत जैन को टीका लगाया गया। इस दौरान जगराम मांझी, जिला मलेरिया अधिकारी डाॅ. हेमंत गौतम, डाॅ. राजेश गुप्ता, डाॅ. हेमंत मंडेलिया, डाॅ. वरूण, डाॅ. पी.के शर्मा, डाॅ. राजेश शुक्ला, डा।. विवेक यादव. सेवढ़ा के चिकित्साधिकारी डाॅ. नरेंद्र शर्मा तथा मेडिकल कालेज के प्रोफेसर सहित पैरामेडिकल स्टाफ आदि ने भी अपनी बारी का इंतजार कर कोरोना के टीका लगवाए। इस दौरान बताया गया कि टीके की दो डोज लगाई जाएगी। दूसरा टीका निर्धारित समय अविध के बाद लगेगा। इस टीके के 14 दिन बाद एंटी बाॅडी बनना शुरू हो जाएगी। जिले में इस सप्ताह 900 लोगों को टीके लगाए जाएंगे।

टीका लगवाने के बाद खुश नजर आए स्वास्थ्यकर्मी

वैक्सीन को लेकर बेकार का भ्रम है : डॉक्टर हेमंत जैन

चिकित्सक डॉ. हेमंत जैन ने कोरोना टीका लगाने के बाद सीधे आधे घंटे इंतजार के बाद फिर से अपने काम में लग गए। उन्होंने बताया कि कोरोना वैक्सीन बहुत ही कारगर है। इसे लेकर बेकार का भ्रम फैलाया जा रहा है। कोरोना से बचना है तो वैक्सीन लगवाना भी जरूरी है।

सब कुछ आसान, अब कोरोना का डर भी नहीं – गुप्ता

कोरोना का टीका लगवाने वाली मेडिकल काउंसलर ज्योति गुप्ता ने बताया कि यह सामान्य इंजेक्शन जैसा ही है। टीका लगने के बाद कोरोना का डर भी समाप्त हो जाएगा। मैंने टीका लगाने के 1 घंटे बाद ही पुनः काम शुरू कर दिया था और मरीजों की काउंसलिंग भी करना शुरू कर दी थी। इसमें डरने जैसी कोई बात नहीं है।

बेहतर लगा करोना का टीका – हेमलता यादव

कोरोना वैक्सीन लगवाने के बाद स्टाफ नर्स हेमलता यादव भी बहुत उत्साहित दिखी और उन्होंने बताया कि टीका लगाने के बाद मात्र आधे घंटे बाद ही अपने काम में वापस जुट गई थी। मेरी ड्यूटी भी टीकाकरण केंद्र पर ही लगाई गई थी, ऐसी स्थिति में कोरोना वैक्सीन के बारे में जो बताया जा रहा है। वह सारी बातें झूठी है व भ्रम फैलाने वाली है। कोरोना वैक्सीन बेहतर है और मुझे दूसरा डोज का मुझे इंतजार है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter