कृषि बिल के विरोध में कांग्रेसियों ने शहर में निकाली ट्रैक्टर रैली, विधायक ट्रैक्टर चलाते निकले

दतिया ।  शनिवार को कांग्रेस सेवादल ने कृषि बिल के विरोध में किसान संघर्ष यात्रा का आयोजन किया। इस दौरान विधायक घनश्याम सिंह ने स्वयं ट्रैक्टर चलाकर यात्रा का शुभारंभ किया। संघर्ष यात्रा के दौरान कांग्रेस नेता ट्रैक्टरों पर बैठक शहर के मुख्य मार्गों से गुजरे। शाम को किला चौक पर एक आमसभा का आयोजन किया गया। जिसमें कांग्रेस नेताओं ने कृषि बिल को किसान विरोधी बताते हुए उसे वापिस लिए जाने की मांग की। इस मौके पर पूर्व विधायक राजेंद्र भारती, सेवादल जिलाध्यक्ष बीके नामदेव, वरिष्ठ नेता अशोक दांगी बगदा, राधाबल्लभ सरवरिया, दीपेंद्र पुरोहित सहित अन्य कांग्रेस नेतागण मौजूद रहे।

वहीं जानकारी दी गई कि केंद्र सरकार द्वारा लाए गए किसान विरोधी कृषि बिल के विरोध में ग्रामीण क्षेत्र में कांग्रेस 18 जनवरी को ट्रैक्टर रैली निकालेगी। रैली का नेतृत्व विधायक घनश्याम सिंह करेंगे। इस दौरान रैली 18 जनवरी को सुबह 10 बजे धीरपुरा से शुरू होकर इंदरगढ़, थरेट, भगुआपुरा होते हुए दोपहर 2 बजे सेवढ़ा पहुंचेगी। जहां तहसील कार्यालय पर किसान विरोधी कृषि कानून के विरोध में राष्ट्रपति महोदय के नाम एसडीएम को ज्ञापन दिया जाएगा।

कांग्रेसियों पर दर्ज हुआ मामला

वहीं शुक्रवार को सेवढ़ा रोड पर सिंधवारी के पास कृषि बिल के विरोध में कांग्रेसियों द्वारा किए गए चक्काजाम को लेकर पुलिस में मामले दर्ज किए जाने की जानकारी मिली है। इस दौरान मौजूद सेवढ़ा विधायक घनश्याम सिंह सहित कांग्रेस जिलाध्यक्ष नाहर सिंह यादव, संजू दांगी आदि समेत करीब दो दर्जन कांग्रेसियों पर धीरपुरा थाने में मामला दर्ज किया गया है। मामला दर्ज हो जाने के बाद भी कांग्रेसियों ने आंदोलन का क्रम जारी रखते हुए शनिवार को भी ट्रैक्टर रैली निकाली।

 

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter