कर्नाटक के दौरे पर पहुंचे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने किसान आंदोलन को लेकर कांग्रेस पर बोला हमला, पूछा उसने किसानों को क्यों नही दिए सालाना 6 हजार रुपये, नए कृषि कानून से किसानों की आय बढ़ने का दिया भरोसा, कोविड टीकाकरण के मसले पर भी विपक्ष को लिया निशाने पर, कहा टीका सुरक्षित.
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने किसान आंदोलन को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला किया है। अमित शाह ने कांग्रेस से पूछा है कि आखिर उसने किसानों को सालाना 6 हजार रुपये क्यों नहीं दिए। अपनी यात्रा के दूसरे दिन बागलकोट जिले में स्थित एक चीनी मिल में एथेनॉल प्रोजेक्ट का उद्धाटन के अमित शाह ने एक बार फिर से दोहराया है कि नए कृषि कानून से किसानों की आय बढ़ेगी और ‘नरेंद्र मोदी सरकार किसानों के कल्याण के लिए काम करने के लिए प्रतिबद्ध है।
गृह मंत्री ने बेलगावी में जनसेवक समावेश रैली को मोदी सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि पिछले 70 साल में कई ऐसे मुद्दे से जिसे कोई छूना नहीं चाहता था लेकिन मोदी सरकार ने अपने कार्यकाल में उसे पूरा कर दिखाया। अमित शाह ने कहा कि नरेन्द्र मोदी ने आत्मनिर्भर भारत का नारा दिया है। अगर देश के 130 करोड़ लोग स्वदेश में बनी चीज़ों का उपयोग करने लगें तो भारत खुदबखुद दुनिया की टॉप इकोनॉमी में शामिल हो जाएगा। उन्होंने कहा कि कर्नाटक में खिलौनों का क्लस्टर स्थापित किया जा रहा है। उन्होंने कर्नाटक की जनता से आगामी तालुका पंचायत और जिला पंचायत के चुनावों में भाजपा को भारी बहुमत से जिताने की अपील की।
इस दौरान गृह मंत्री ने बेलगावी में के.एल.ई. अस्पताल में एडवांस्ड स्टिमुलेशन सेंटर का उद्घाटन भी किया। अमित शाह ने पूर्व रेल राज्य मंत्री के घर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उनके साथ राज्य के मुख्यमंत्री येदियुरप्पा भी साथ थे। इससे पहले उन्होंने बागलकोट के केराकलामट्टि में गौ पूजा की।


