छापा मारने पहुंची टीम को घर के बाहर लटका मिला ताला, जीएसटी टीम को खाली हाथ लौटना पड़ा

दतिया ।  जिले में जीएसटी टीम टैक्स चोरी के मामलों में लगातार छापे डाले जा रहे है। 18 जनवरी को भी राज्य कर विभाग की टीम स्टेडियम के पीछे रहने वाले पंचायत सचिव रवि सक्सेना के घर दविश डालने पहुंची। बता दें कि रवि सक्सेना के पुत्र शुभम सक्सेना एक फर्म श्रीराम कंट्रक्शन संचालित करते है। इस फर्म द्वारा जीएसटी जमा नहीं करने की बात सामने आई है। जीएसटी टीम को शिकायत मिली थी कि इस फर्म द्वारा ग्राम पंचायतों में सामान सप्लाई व निर्माण सामग्री विक्रय करने में 38 लाख का सामान ऐसा सप्लाई किया है, जिस पर टैक्स नही दिया गया है। इस दौरान छापा मारने पहुंची टीम को घर पर ताला लगा मिला। टीम काफी देर तक इंतजार के बाद लौट गई।

इस दबिश को विगत 13 जनवरी की दबिश से जोड़कर देखा जा रहा है। जीएसटी संबंधी शिकायत को लेकर राज्य कर विभाग के उड़न दस्ते ने फर्म मै. प्रहलाद इंटर प्राइजेज पर छापामार कार्रवाई की थी। इस छापामार कार्रवाई के दौरान विभाग राज्य कर विभाग के अधिकारी कर्मचारियों की टीम मौजूद रही थी। प्रहलाद इंटर प्राइजेज फर्म भी ग्राम पंचायतों में मटेरियल सप्लाई का कार्य करती थी।

इसी तरह पंचायत सचिव के पुत्र शुभम सक्सेना की फर्म श्रीराम कंट्रक्शन भी पंचायतों में निर्माण संबंधी कार्य के लिए मटेरियल सप्लाई करती है। बताया जाता है कि जीएसटी टीम जब शुभम सक्सेना से संबंधित फर्म की जांच के लिए घर पहुंची तो वहां बाहर से ताला लगा था। इस कारण जीएसटी टीम अपनी कार्रवाई नहीं कर सकी। इसके बाद टीम के सदस्य, वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित करते हुए खाली हाथ लौट गए। अब फर्म को नोटिस देकर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस दबिश की कार्रवाई में विवेक राज्य कर अधिकारी, अवनीश उपाध्याय सहायक आयुक्त राज्य कर विभाग, अरविंद भदकारिया राज्य कर निरीक्षण, बलवीर सिंह यादव, सोनम बाथरे राज्य कर निरीक्षक, संजय वर्मा आदि शामिल रहे।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter