नंदीग्राम पहुंचकर रैली में दिखाई दीदी ने ताकत, कहा इस बार यहीं से लडूंगी चुनाव, पार्टीजन के बारें में खुलकर बोली ममता
west bengal by election news in hindi,kolkata election news,kolkata news in hindi

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी ने आगामी विधानसभा चुनाव में नंदीग्राम से विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। आपको बता दें कि नंदीग्राम को शुभेंदु अधिकारी का गढ़ माना जाता है, जो हाल ही में टीएमसी छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए हैं। न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, नंदीग्राम में आयोजित एक रैली के दौरान ममता बनर्जी ने कहा है कि मैं नंदीग्राम सीट से चुनाव लड़ूंगी। अगर संभव हुआ तो भवानीपुर सीट से भी चुनाव लड़ूंगी।

शुभेंदु अधिकारी ने हाल ही में ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी को छोड़कर बीजेपी का दामन थाम लिया है। उन्होंने 2016 में बतौर टीएमसी उम्मीदवार नंदीग्राम सीट जीती थी। मुख्यमंत्री ने यहां एक रैली में कहाकि दूसरे दलों में जाने वालों को लेकर उन्हें कोई चिंता नहीं क्योंकि जब तृणमूल कांग्रेस बनी थी, तब उनमें से कोई नहीं था। उनका इशारा अधिकारी समेत उन पार्टी नेताओं की ओर था जो भाजपा में शामिल हो गये हैं। उन्होंने कहाकि इन नेताओं ने पिछले कुछ सालों के दौरान अपने द्वारा लुटे गये धन को बचाने के लिए पार्टी छोड़ी है।

नंदीग्राम के बारे में यह बोली ममता दीदी

ममता बनर्जी ने कहाकि ‘मैंने हमेशा से नंदीग्राम से विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार अभियान की शुरुआत की है। यह मेरे लिए भाग्यशाली स्थान है। इस बार, मुझे लगा कि यहां से विधानसभा चुनाव लड़ना चाहिए। मैं प्रदेश पार्टी अध्यक्ष सुब्रत बख्शी से इस सीट से मेरा नाम मंजूर करने का अनुरोध करूंगी।’ मंच पर मौजूद बख्शी ने तुरंत अनुरोध स्वीकार कर लिया।

राज्य में 2000 के दशक में पूर्वा मेदिनीपुर के नंदीग्राम में भूमि अधिग्रहण को लेकर आंदोलन के चलते ही बनर्जी 2011 में सत्ता में पहुंची थीं और 34 साल से जारी वाम शासन पर पूर्ण विराम लगाया था। हालांकि पाला बदलकर भाजपा से हाथ मिला चुके अधिकारी आरोप लगा रहे हैं कि जिस क्षेत्र ने बनर्जी को सत्ता के शिखर पर पहुंचाने में मदद पहुंचायी, उस क्षेत्र के लोगों को उन्होंने भुला दिया।

 

बंगाल को भाजपा के हाथों नहीं बेचने दूंगी

ममता बनर्जी फिलहाल दक्षिण कोलकाता के भवानीपुर से विधायक हैं। उन्होंने कहाकि वह कुछ लोगों को बंगाल को भाजपा के हाथों नहीं बेचने देंगी। उन्होंने कहाकि ”जो पार्टी से चले गये, उन्हें मेरी शुभकामनाएं हैं। उन्हें देश का राष्ट्रपति एवं उपराष्ट्रपति बनने दीजिए। लेकिन आप बंगाल को भाजपा के हाथों बेचने का दुस्साहस नहीं करें। जब तक मैं जिंदा हूं, मैं उन्हें अपने राज्य को भाजपा के हाथों नहीं बिकने दूंगी।”

नंदीग्राम में रैली के दौरान ममता बनर्जी ने कहा, “मैं अगर गलती करती हूं तो मुझे थप्पड़ मारो, लेकिन मुझसे दूर मत जाओ। आपके लिए कौन इतना काम करेगा? अगर कोई मुझे बुरा कहता है, तो मैं उन्हें जाने नहीं दूंगी।’

आपको बता दें कि बीजेपी पश्चिम बंगाल में पिछले कुछ महीनों से आक्रामक रूप से प्रचार जारी है। भाजपा के शीर्ष नेता अमित शाह और जेपी नड्डा लगातार राज्य का दौरा कर रहे हैं। पश्चिम बंगाल में 294 सीटों के लिए इसी साल चुनाव होने हैं।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter