दतिया । पण्डोखर थाना क्षेत्र के ग्राम बरका में मंगलवार-बुधवार की दरम्यानी रात एक युवक ने अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस ने प्रथम द्ष्टया मामले को प्रेम प्रसंग का होना बताया है। जानकारी के अनुसार ग्राम बरका निवासी भूरे कडेरे पुत्र भज्जू रोज की तरह खाना खाकर अपने घर के बाहरी कमरे में सोने चला गया था। जब सुबह उसकी मां उधर पहुंची तो कमरे का गेट बन्द था। काफी अावाज लगाने पर कोई जबाब नहीं मिला तो उसने अपने दूसरे लड़के को बुलाकर बाड़े की पीछे की दीवार फांदकर घर के अंदर पहुंचाया तो भज्जू का शव फांसी के फंदे पर लटक रहा था। जिसे देखकर घर में चीख पुकार मच गई। शोर शराबा सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए।
मृतक के बड़े भाई प्रेमनारायण ने थाना पण्डोखर को हादसे की सूचना दी। जिस पर थाना पण्डोखर से एसएसआई राजेंद्र जादौन ने मौके पर पहुंचकर एफएसएल टीम को दतिया से बुलाकर मामला विवेचना में लिया। घटना के संबंध में मृतक के बड़े भाई ने पुलिस के समक्ष आरोप लगाया की उसके भाई का ग्राम सोनी थाना मेहगांव जिला भिंड निवासी युवती के साथ प्रेमप्रसंग चल रहा था। उसके कारण ही भज्जू ने फांसी लगाकर जान दी है। मृतक की जेब से निकले युवती रूबी की फोटो और उसके भाई का आधारकार्ड पुलिस द्वारा जप्त किया गया है। पुलिस ने घटनास्थल से मृतक का मोबाइल जप्त कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस इस मामले में हर एंगल से जांच पड़ताल कर रही है। इस संबंध में मृतक के स्वजन से भी लगातार पूछतांछ की जा रही है। ताकि घटना के कारणों का खुलासा हो सके।
