रक्षा मंत्री ने किया एनसीसी के गणतंत्र दिवस शिविर का दौरा

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एनसीससी के गणतंत्र दिवस शिविर का दौरा किया। इस मौके पर उन्होंने रक्षा मंत्री पदक और प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किए। कैडेटों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि देश के कैडेट ना केवल आपदा बल्कि देश में जरूरत पड़ने पर हर कार्य में अपना सहयोग देते हैं। चाहे कोरोना काल में समाज सेवा हो या कोई प्राकृतिक आपदा। 

ऱक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को एनसीसी के गणतंत्र दिवस शिविर का दौरा किया। इस मौके पर एनसीसी के तीनों स्कंधों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया और रक्षा मंत्री ने गार्ड का निरीक्षण किया। इस मौके पर रक्षा मंत्री ने अपने एनसीसी मे बिताए दिनों को भी याद किया और एनसीसी कैडेटों के बेहतर प्रदर्शन की प्रशंसा की। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि एनसीसी में अब पहले की अपेक्षा छात्राएं ज्यादा आ रही हैं। यह सब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एनसीसी में विस्तार के निर्णय के कारण हो रहा है।

इस मौके पर रक्षा मंत्री ने  अदम्य साहस, शौर्य, कर्तव्यनिष्ठा, सेवा और अनुशासन के लिए तीन एनसीसी कैडेटों और दो एसोसिएट एनसीसी अधिकारियों को पुरस्कृत किया। इसमें बिहार और झारखंड निदेशालय के एसयूओ प्रशांत कुमार तिवारी और उत्तर प्रदेश निदेशालय के लेफ्टिनेंट कमांडर जितेन्द्र पाल सिंह को जहां रक्षा मंत्री पदक प्रदान किया गया तो वहीं कर्नाटक और गोवा निदेशालय की एसयूओ श्रीष्मा हेगडे,  जम्मू-कश्मीर निदेशालय की कैप्टन शिवानी शर्मा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम निदेशालय के सैयद शाजिद और दिल्ली निदेशालय की सीनियर जीसीआई नीवा सिंह को रक्षा मंत्री प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter