कंजर डेरा पर पुलिस और आबकारी विभाग ने मारा छापा, हजारों लीटर शराब जप्त

दतिया। जिला आबकारी विभाग ने शुक्रवार को फिर एक बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 1600 लीटर से अधिक अवैध शराब जप्त की है। छापामार कार्रवाई के भनक लगते ही आरोपित मौके से भाग निकले। सबसे मजेदार बात यह है कि शराब निर्माण करने का कारोबार सरकारी जमीन पर लंबे समय से किया जा रहा था। इस संबंध में स्थानीय सरपंच से भी राजस्व विभाग का अमला पूछतांछ कर रहा है। जिले में चलाए जा रहे शराब माफिया के विरुद्ध अभियान के तहत एसपी अमन सिंह राठौड एवं जिला आबकारी अधिकारी निधि जैन के निर्देशन में सहायक आबकारी अधिकारी केएल भगौरा के नेतृत्व में फिर एक बड़ी सफलता मिली है। शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर उदगुवां पुलिस और आबकारी विभाग ने उदगुवां कंजर डेरा पर संयुक्त दविश दी।
दविश के दौरान 10 हजार किलोग्राम गुड लहान मौके पर नष्ट किया गया। इसके अलावा 800 लीटर हाथ भट्टी शराब व 600 बल्क लीटर हाथ भट्टी को भी नष्ट किया गया। दविश में आबकारी विभाग को 40 लीटर भट्टी शराब भी जप्त की गई। इसके साथ ही अवैध मदिरा बनाने के उपकरण व 2 मशीनें बरामद की गई। इस दौरान एक आरोपित मौके से फरार हो गया। आबकारी विभाग ने पूरे मामले में कुल तीन प्रकरण अलग-अलग दर्ज किए हैं। जप्त व नष्ट की गई अवैध शराब की कीमत 7 लाख 26 हजार रुपये बताई गई है। कार्रवाई के दौरान छापामार टीम ने जमीन में गढ़े अवैध देशी शराब के ड्रमों को जेसीबी से खुदवाकर निकलवाया। कार्रवाई देर शाम तक चलती रही।
इस कार्रवाई में सहायक आबकारी अधिकारी केएल भगौरा, उपनिरीक्षक अनुरुद्ध खानवलकर, तुकाराम वर्मा, ध्वनि भदौरिया, पुलिस विभाग के थाना प्रभारी वैभव गुप्ता, सहायक उपनिरीक्षक एसएस तोमर, आरक्षक धर्मेंद्र बडेरिया, राजीव दुबे, दीपेश कुमार, नेहा शर्मा, महिला पुलिस आरक्षक व आबकारी आरक्षक की भूमिका रही।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter