राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा कि अच्छी सोच और बेहतर स्वास्थ्य के लिए जीवन में खेल बहुत जरूरी है। राज्यपाल आज राजभवन में 22 दिसंबर से 22 जनवरी तक चली खेल प्रतियोगिता के समापन और पुरस्कार वितरण समारोह को संबोधित कर रही थी। इस अवसर पर खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया एवं राज्यपाल के प्रमुख सचिव डी.पी. आहूजा उपस्थित थे।
परिणाम नहीं खेलना महत्वपूर्ण
राज्यपाल पटेल ने कहा कि खेल में हार-जीत के परिणाम नहीं, भाग लेना मायने रखता है। उन्होंने कहा कि खेल व्यक्तियों को आपस में जोड़ता है। उन्होंने कहा कि प्रसन्नता की बात है कि खेल प्रतियोगिताओं के दौरान राजभवन के अधिकारी-कर्मचारियों में आपसी समझ बढ़ी है। वे एक दूसरे की मदद और सहयोग के लिए आगे आने लगे हैं। खेलने से सहयोग, अनुशासन और निरंतर प्रयासों से सफलता का विश्वास मिलता है। उन्होंने 50 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं की विशेष सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रदर्शन से सीख मिलती है कि कभी भी कोई भी काम सफलता पूर्वक किया जा सकता है। आवश्यकता संकल्प की है। राज्यपाल ने राजभवन के अधिकारी-कर्मचारियों का आव्हान किया कि राजभवन में उपलब्ध मैदानों का इस्तेमाल खेलने में करें।
प्रतियोगिता में दिखी उत्कृष्ट खेल भावना
राज्यपाल पटेल ने परिसहाय सुभाष आनंद द्वारा खेल प्रतियोगिता में भाग लेने और खेल भावना के प्रदर्शन के प्रसंग की सराहना करते हुए खेल और खेल भावना की महत्ता को बताया। उन्होंने बताया राजभवन में पदस्थ एडीसी सुभाष आनंद को दौड़ में वेटर के पद पर कार्यरत रिंकू ने नंगे पैर दौड़ कर पीछे छोड़ दिया था। रिंकू की प्रतिभा को देख श्री आनंद ने उसे रनिंग शूज भेंट कर, सच्ची खेल भावना का प्रदर्शन किया। इससे प्रेरणा लेनी चाहिए।