दतिया । पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल सिंह मौर्य के निर्देशन में सड़क सुरक्षा सप्ताह अभियान के तहत शुक्रवार को आरटीओ अधिकारी स्वाति पाठक एवं ट्रेफिक प्रभारी होतम सिंह बघेल ने अनूठा प्रयोग किया। इस दौरान उन्होंने वाहन चालकों के तिलक लगाकर यातायात के नियमों के प्रति जागरूक किया।
दोनों अधिकारियों ने किला चौक यातायात थाने के सामने बिना नंबर की गाड़ी एवं बगैर हेलमेट पहने वाहन चलाने वालों के लिए एक अनोखी पहल शुरू की है। जहां भी बगैर हेलमेट वाहन चालक नजर आए। आरटीओ अधिकारी स्वाति पाठक एवं ट्रेफिक प्रभारी होतम सिंह बघेल उनके सामने हाथ जोड़कर खड़े हो जाते, फिर माथे पर तिलक लगाकर और आरती उतार कर सलामती की दुआ करके वाहन चालकों को जागरूक कर समझाइश दी जाती। आरटीओ अधिकारी और ट्रैफिक पुलिस की इस प्रकार की मुहिम को लोग पसंद कर रहे हैं। बाइको पर तीन लोगों के घूमने और बिना नंबर की गाड़ी एवं हेलमेट पहनने के लिए लोगों को जागरूक करने वाली इस पहल की सामाजिक क्षेत्रों में खासी चर्चा है। वाहन चालकों को हेलमेट पहनने के लिए प्रोत्साहन देने के लिए दतिया यातायात पुलिस ने यह नया प्रयोग किया है। आरटीओ अधिकारी एवं ट्रेफिक प्रभारी ने वाहन चालकों के माथे पर तिलक लगाते हैं और आरती उतार कर भगवान से रक्षा करने की प्रार्थना करते हैं। इस गतिविधि से कई वाहन चालक शर्मिंदा भी होते हैं। इस दौरान सूबेदार नईम खान, आरक्षक वीरेंद्र बघेल, आरक्षक संजीव, अमित, चंद्रभान सिंह, प्रहलाद, राजेंद्र, रनसिंह, सैनिक ध्रुव सहित ट्रैफिक पुलिस बल मौजूद रहा।
