बालिकाओं और महिलाओं को अपराध सहने और डरने की जरुरत नहीं है – विजय लोधी

भांडेर । बालिकाओं व महिलाओं को सुरक्षित वातावरण प्रदान कराना, हम सबकी जिम्मेदारी है। इनकी सुरक्षा के लिए केंद्र और प्रदेश शासन ने कई तरह के कानून बनाए हैं। उक्त बात भांडेर थाना प्रभारी विजय लोधी ने महिला सुरक्षा एवं जागरुकता अभियान के तहत चल रहे सम्मान कार्यक्रम के दौरान शनिवार को भांडेर के भद्रावती इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कही। जिसमें नगर के विभिन्न स्कूलों से कक्षा पांच से कक्षा बारहवीं तक की छात्राएं शामिल रहीं।

कार्यक्रम के दौरान अपने संबोधन में थाना प्रभारी विजय लोधी ने कहाकि केंद्र और प्रदेश शासन ने कई तरह के कानून बनाए हैं। अगर बालिका की उम्र 18 साल से कम है तो उसके साथ यौन अपराध घटित करने वाले व्यक्ति पर पॉक्सो एक्ट के तहत सजा का प्रावधान है। 18 साल से कम उम्र की बालिका, किशोरी से अगर कोई व्यक्ति गलत इशारा, लगातार घूरना या अन्य तरीके से छेड़छाड़ व अन्य घटना करता है तो पॉक्सो एक्ट में आरोपी को कड़ी सजा का प्रावधान है। इसलिए बालिकाओं और महिलाओं को न तो अपराध सहने की जरूरत है और ना ही डरने की, निडर होकर रहें। इस दौरान उन्होंने छात्राओं को नारी सुरक्षा के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए कहाकि कभी किसी से डरने की आवश्यकता नहीं है। अगर आप अपने आसपास या अन्य किसी के साथ अन्याय होते देखते हैं तो भी हमें बताएं। पुलिस आपकी मित्र है और आपकी सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है।

विभिन्न प्रतियोगिताओं का हुआ आयोजन

इस दौरान बालिकाओं के लिए गीत, चित्रकला, निबंध एवं वाद विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। जिसमें बालिकाओं ने बड़ी संख्या में हिस्सा लेकर जागरूकता संदेश दिए। कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागी बालिकाओं को विद्यालय की तरफ से प्रमाणपत्र एवं मैडल प्रदान किए गए। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय संचालक शेखर साहू द्वारा आभार व्यक्त किया गया।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter