नईदिल्ली. सीमाओं पर किसानों का हंगामा दूसरे दिन भी जारी रहा. स्थानीय लोगों ने किसानों से जगह खाली करने को कहा, तो दोनों पक्षों में जमकर बवाल हुआ. सिंघु बॉर्डर पर पुलिस अधिकारी पर तलवार से हमला हुआ. वहीं बीजेपी नेता स्मृति ईरानी ने हिंसा भड़काने के लिए राहुल गांधी पर हमला बोला.
दिल्ली-एनसीआर की सीमाओं पर किसानों के आंदोलन में हंगामा दूसरे दिन भी जारी रही. उत्तर प्रदेश की सीमा पर स्थित गाजीपुर में जहां किसानों के कुछ गुट अभी भी धरने पर बैठे हैं और पुलिस बल की तैनाती वहां पर बनी हुई है, वहीं टिकरी और सिंघु बॉर्डर पर स्थानीय लोगों ने आंदोलन कर रहे किसानों से धरना खत्म करने की अपील की.
स्थानीय लोगों की अपील से नाराज किसान संगठनों के नेताओं ने सिंघु बॉर्डर पर जमकर बवाल काटा. माहौल के तनावपूर्ण होने पर नौबत मारपीट तक आ गई. सिंघु बॉर्डर पर स्थानीय लोग पुलिस से लगातार बॉर्डर खाली करवाने की मांग कर रहे थे. पुलिस लोगों को समझाने में जुटी हुई थी कि अचानक वहां हंगामा शुरू हो गया. देखते ही देखते हंगामे ने हिंसक रूप ले लिया. वहां अचानक लाठी-डंडे के साथ ही पत्थरबाजी भी शुरू हो गई. स्थिति को काबू करने के लिए पुलिस ने हल्का लाठीचार्ज कर दिया. भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस का इस्तेमाल किया.
झड़प के बीच किसी अज्ञात व्यक्ति ने एसएचओ पर तलवार से हमला कर दिया. पुलिस अधिकारी ने बताया कि मौके पर मौजूद किसान नेता लोगों को भड़काने की कोशिश कर रहे थे.
दिल्ली पुलिस ने अपील कर लोगों से 26 जनवरी को हुई हिंसा की फुटेज, तस्वीर और बयान मांगी है. इस बीच गुरूवार को बुराड़ी मैदान में हिंसक प्रदर्शन के दौरान पुलिस कर्मियों पर हमले के सिलसिले में नौ लोगों को गिरफ्तार कर तिहाड़ जेल भेज दिया गया है. नांगलोई में भी हिंसा में शामिल कुछ अभियुक्तों की गिरफ्तारी हुई है.
इस मामले में सियासत भी जारी है. बीजेपी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा है कि उन्हें घायल दिल्ली पुलिस के जवानों से सहानुभूति नहीं है बल्कि वो हिंसा भडका रहे हैं.
इस बीच उत्तर प्रदेश पुलिस ने अपना शिकंजा कसते हुए कांग्रेस सांसद शशि थरूर और मीडिया से जुड़ी कुछ हस्तियों के खिलाफ 26 जनवरी के दिन किसान आंदोलन से जुड़ी भ्रामक खबर फैलाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है.


