दतिया। रविवार को प्रशासनिक महकमे में उस समय खलबली मच गई जब बड़ौनी प्रवास पर पहुंचे गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने राजस्व संबंधी शिकायतों के मामले में मंच से ही तहसीलदार सुनील वर्मा के निलंबन की घोषणा कर डाली। इस घोषणा के बाद जहां ग्रामीण जन ताली बजा रहे थे, वहीं प्रशासनिक महकमे में हड़कंप की स्थिति बनी हुई थी।
जानकारी के अनुसार गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा बडौनी मैं पात्रता पर्ची वितरण कार्यक्रम में शामिल होने रविवार दोपहर वहां पहुंचे थे। इसी दौरान वहां तहसील संबंधी समस्याओं सहित अन्य मामलों को लेकर करीब आधा सैकड़ा से ज्यादा ग्रामीणों ने उन्हें आवेदन सौंपकर अवगत कराया था। जिसका मौके पर निराकरण करने के लिए उन्होंने मंच से माइक संभाला और तहसील के संबंधित अधिकारी कर्मचारियों को बुलाया, बावजूद इसके काफी देर तक जब मंच के पास तहसीलदार सुनील वर्मा नहीं पहुंचे तो गृह मंत्री ने इस रवैए पर नाराजगी जताते हुए तहसीलदार सुनील वर्मा के निलंबन की घोषणा कर डाली।
देखिए यह वीडियो इस तरह की थी गृह मंत्री ने निलंबन की घोषणा
समझा जाता है कि प्रोटोकॉल का पालन ना करने के कारण तहसीलदार पर यह गाज गिरी है। वही गृहमंत्री की सख्ती को देखते हुए जिले के प्रशासनिक महकमे में सुस्ती दिखाने वाले अधिकारी भी सतर्क हो गए हैं।
नौनिहालों को पिलाई दो बूंद जिंदगी की

रविवार को डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने अपने निवास पर जिले में चलाए जा रहे पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने नौनिहालों को अपने हाथ से पोलियो खुराक के रूप में दवा पिलाई। इस मौके पर स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों सहित जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
दतिया में किया जेसीबी का लोकार्पण
जेसीवी मशीन चलते गृहमंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा
रविवार सुबह गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा दतिया पहुंचे। जहां उन्होंने पीतांबरा पीठ पर दर्शन के बाद आम लोगों से मुलाकात की। इस दौरान गृहमंत्री ने नगर पालिका दतिया के लिए आई नई जेसीबी मशीन का लोकार्पण विधिवत पूजन के साथ किया। इस मौके पर गृहमंत्री ने जेसीबी को स्वयं चलाकर लोकार्पण किया। गौरतलब है कि दतिया नगर पालिका के पास स्वयं की जेसीबी मशीन ना होने के कारण एक लंबे समय से निर्माण कार्यों में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। इसके लिए नगर पालिका प्रशासन को किराए पर जेसीबी मशीन लेना पड़ती थी। नई मशीन मिल जाने के बाद नगर पालिका के किराए के रूप में जाने वाले लाखों रुपए की राशि की बचत हो सकेगी।


