संभाग आयुक्त ने जारी किया बडौनी तहसीलदार के निलंबन का आदेश, गृहमंत्री ने किया था निलंबित

दतिया ।  जिले की बड़ौनी तहसील में गृहमंत्री डा.नरोत्तम मिश्रा के एक कार्यक्रम में तहसीलदार सुनील वर्मा को अनुपस्थित रहने पर संभागायुक्त आशीष सक्सेना ने सोमवार को निलंबित करने संबंधी आदेश जारी कर दिया। इसके साथ ही वर्मा को जिला मुख्यालय पर निर्वाचन कार्यालय में अटैच किया गया है। गत रविवार को बड़ौनी तहसील में आयोजित पात्रता पर्ची वितरण कार्यक्रम में नायब तहसीलदार व प्रभारी तहसीलदार सुनील वर्मा को मंच से गृहमंत्री डा. मिश्रा ने कई बार आवाज लगाई थी, उसके बाद भी वे वहां उपस्थित नहीं हुए थे।

इसे लेकर गृहमंत्री ने मंच से ही नायब तहसीलदार वर्मा को निलंबित करने की घोषणा कर दी थी। इसके बाद कलेक्टर संजय कुमार के प्रतिवेदन पर संभाग आयुक्त ने सोमवार को वर्मा के निलंबन आदेश जारी करते हुए कलेक्टर कार्यालय दतिया में अटैच कर दिया है। इस संदर्भ में कलेक्टर संजय कुमार ने बताया कि गृहमंत्री डा. मिश्रा के कार्यक्रम को लेकर उनको विभागीय सूचना दी गई थी, इसके बाद भी वे कार्यक्रम में वे उपस्थित नहीं थे। इस संबंध में प्रतिवेदन संभागायुक्त को भेजा गया था, जिस पर उन्होंने निलंबन की कार्रवाई की है।

निलंबित तहसीलदार सुनील वर्मा ने बताया कि गृहमंत्री डा. मिश्रा के कार्यक्रम के दौरान वे वहीं उपस्थित थे, किंतु डा. मिश्रा द्वारा दी जा रही आवाज को वे सुन नहीं पाए थे। बाद में वे इस संदर्भ में गृहमंत्री डा. मिश्रा से मिले भी थे। उन्होंने बताया कि हितग्राहियों के पात्रता पर्ची वाले मामले को लेकर जो शिकायत की गई थी उस संदर्भ में पूर्व में ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत करा दिया गया था। इन हितग्राहियों की पात्रता पर्ची मुख्यालय से नहीं आ पाई थी।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!