आरक्षक को गोली मारने वाले रेत माफिया के गुर्गे पुलिस ने पकड़े, खदान कर्मचारी को पीटने वाले भी गिरफ्तार

दतिया।  भर्रोली रेत खदान पर ट्रैक्टर ट्राली पकड़ने के दौरान एसआईएस के आरक्षक पर गोली चलाने वाले दो आरोपितों को इंदरगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जबकि ट्रैक्टर चालक अभी भी फरार है। वहीं सेवढ़ा में कंदरपुर के पास खदान ठेकेदार के कर्मचारी के साथ बंदूक के बट से मारपीट करने वाले दो आरोपितों को भी पुलिस के हवाले किया गया है। आरोपितों के पास से 13 जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं।

जानकारी के अनुसार पिछले 4 दिनों में रेत माफिया के बढ़ रहे आतंक के बाद पुलिस और प्रशासन वरिष्ठ अधिकारियों से निर्देश मिलने के बाद एक्शन मोड में अा गया। जिसके बाद पुलिस ने आरोपितों की धरपकड़ में तत्परता दिखाई। इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम भर्रोली में गत 4 फरवरी की दरम्यानी रात अवैध रेत भरकर ट्रैक्टर ट्राली से ले जा रहे माफिया के पीछा करने के दौरान एसआईएस आरक्षक बंटू कुशवाह पर कुछ लोगों ने कट्टे से फायर कर दिए थे। जिसके बाद घायल आरक्षक की रिपोर्ट पर आरोपितों के विरुद्ध हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया था। रेत माफिया पर कार्रवाई के लिए पुलिस पर लगातार दबाब था। जिसके बाद इंदरगढ़ पुलिस ने तीन आरोपितों में से दो को गिरफ्तार कर लिया।

थाना प्रभारी वाईएस तोमर ने बताया कि ठेकेदार कर्मचारी द्वारा इस मामले में 3 लोगों की पहचान की गई थी। जिसमें से दो आरोपित करी उर्फ भवानी यादव पुत्र देव सिंह यादव निवासी भर्रोली एवं बाबी उर्फ बब्बू राजा यादव पुत्र परमानंद यादव भर्रोली को कट्टा सहित गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपितों को जेल भेजा गया है। जबकि ट्रैक्टर चालक अरविंद जोशी अभी फरार है। इंदरगढ़ पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।

सेवढ़ा में भी पकड़े गए आरोपित

वहीं सेवढ़ा पुलिस ने भी रेत खदान कर्मचारी नरेंद्र शर्मा की रेत भरकर ले जा रहे लोगों द्वारा बंदूक की बटों से मारपीट करने के मामले में दो आरोपितों को पकड़ा है। इस संबंध रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। जिसके बाद घटना के कुछ घंटे बाद ही दोनों आरोपित पुलिस गिरफ्त में आ गए। जानकारी के अनुसार आराेपित हरिओम प्रजापति एवं रामू पाठक को 13 जिंदा कारतूसों के साथ पकड़ा गया है। उक्त आरोपितों ने रविवार को अवैध रेत परिवहन कर रहे ट्रैक्टर ट्राली पर कार्रवाई के दौरान खदान कर्मचारी नरेंद्र शर्मा की बटों से मारपीट कर दी थी। दोनों आरोपितों काे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!