मुजफ्फरनगर । किसान आंदोलन के बीच उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में शनिवार को प्रियंका गांधी ने किसान महासभा को संबोधित किया। किसान महासभा को संबोधित करते हुए उन्होंने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। प्रियंका गांधी ने कहाकि दिल्ली में किसान आंदोलन के दौरान बिजली काटी गई, पानी रोका गया और किसानों को पीटा गया। उन्होंने कहा जो किसान अपने बेटे को देश की सीमा पर रक्षा के लिए भेजता है, उस किसान को अपमानित किया गया। उस किसान को आतंकवादी, देशद्रोह, आंदोलनजीवी और परजीवी कहा गया।
प्रियंका ने कहा कि हर नेता को एहसास होना चाहिए जनता का उस पर एहसान है, उन्होंने आगे कहा कि 90 दिनों से किसान दिल्ली के बाहर बैठे हैं। 215 किसान शहीद हो गए, राजधानी की सीमा को देश की सीमा बना दिया गया है। उन्होंने कहा कि किसानों को देशद्रोही कहा गया। संसद में उनका मजाक उड़ाया गया, राकेश टिकैत को आंसू आते हैं और सरकार को हंसी आती है। उन्होंने कहाकि पूरे देश में गन्ना किसानों का 15 हजार करोड़ बकाया है।
LIVE: Kisan Panchayat in Muzaffarnagar, UP.
किसान पंचायत, मुजफ़्फ़रनगरhttps://t.co/oENlezIoc1— Priyanka Gandhi Vadra (@priyankagandhi) February 20, 2021
भाजपा सरकार पर आरोप लगते हुए प्रियंका गांधी ने कहाकि किसानों को गन्ने का पैसा नहीं दिया गया है, मगर 16 हजार करोड़ के 2 हवाई जहाज़ ख़रीद लिए गए हैं। प्रियंका ने लोगों से पूछा कि सरकार ने 21 लाख करोड़ कमाए, कहां गया यह पैसा ? धीरे-धीरे सरकारी मंडी बन्द कर देंगे, प्राइवेट मंडी बना रहे हैं। उन्होंने सरकार के तरफ निशाना साधते हुए कहाकि इनके पूंजीपति मित्र अपने हिसाब से कॉन्ट्रैक्ट फार्मिंग में फसल की कीमत निर्धारित करेंगे। उन्होंने कहाकि सरकार को पीछे हटना पड़ेगा।
वहीं बघरा के कल्याणकारी इंटर कॉलेज के मैदान में हुई किसान महापंचायत में वक्ताओं ने तीन कृषि कानूनों और बढ़ती महंगाई को लेकर भाजपा की केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। इस दौरान पूर्व मंत्री दीपक कुमार, पूर्व सांसद संजय कपूर, राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया त्रिनेत्र ने पंचायत में कांग्रेस सरकार की उपलब्धियों को गिनाया।


