कोलकाता। Coal Smuggling Case: ममता दीदी के राजनैतिक वारिस माने जाने वाले उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी की पत्नी को कोयले से जुड़े मामले में समन लेकर सीबीआई उनके घर पहुंच गई। इस घटना के बाद राजनीतिक गलियारों का सियासी तापमान तेज हो गई। इस मामले ने फिलहाल पश्चिम बंगाल के चुनावी समर में सुनामी ला दी है। वहीं अभिषेक बनर्जी इसे लेकर तमाम तरह की सफाई जनता के सामने देने में लगे हैं।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) के भतीजे अभिषेक बनर्जी (Abhishek Banerjee) की पत्नी को कोयला तस्करी (Coal Smuggling) से जुड़े एक मामले में CBI द्वारा समन जारी किया गया है। सीबीआई की एक टीम मामले में समन जारी करने के लिए रविवार को अभिषेक बनर्जी के कोलकाता स्थित आवास पहुंची थी। टीम ने बनर्जी की पत्नी रुजीरा बनर्जी (Ruzira Banerjee) को नोटिस दिया है।
पिछले कुछ समय पहले CBI ने आरोपी अनूप मांझी से जुड़े मामले पर झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल के कई लोकेशन पर छापेमारी की थी। इसी मामले में अभिषेक बनर्जी की पत्नी की भूमिका सामने आई थी, लिहाजा पूछतांछ के लिए CBI की टीम नोटिस देने पहुंची थी। सीबीआई रुजीरा बनर्जी और उनकी बहन से इस मामले में पूछतांछ उनके घर पर ही करना चाहती है।
वहीं दूसरी तरफ इस मामले को लेकर पश्चिम बंगाल का सियासी तापमान और बढ़ गया है। बता दें कि इसी साल अप्रैल महीने में राज्य में विधानसभा चुनाव होने हैं। बताते चलें कि तृणमूल कांग्रेस में अभिषेक बनर्जी का प्रभाव पिछले कुछ वर्षों में तेजी से बढ़ा है। डायमंड हार्बर लोकसभा सीट के 2019 के संसदीय चुनाव में उन्होंने जीत हासिल की। अब वे 2021 में तृणमूल कांग्रेस के प्रमुख रणनीतिकारों में से एक बन गए हैं।


