दतिया । मंगलवार-बुधवार की दरम्यानी रात आधा दर्जन थाना क्षेत्र की पुलिस टीमों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ग्राम निचरौली व आसपास के जंगल में दविश देकर डेढ़ दर्जन हथियार बंद बदमाशों की धरपकड़ की है। इस धरपकड़ में जहां पुलिस टीमों ने डकैती की योजना बना रहे बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 7 कट्टे और 2 बंदूकें बरामद किए हैं। वहीं कोतवाली पुलिस ने भी अवैध 6 किलो गांजे के साथ पांच आरोपितों को पकड़ा है।
एसपी अमन सिंह राठौर ने बुधवार को प्रेसवार्ता में उक्त जानकारी देते हुए बताया कि बदमाशों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत एएसपी कमल मौर्य एवं एसडीओपी दतिया सुमित अग्रवाल के साथ थाना प्रभारी सिविल लाइन, बडोनी, सोनागिर, पण्डोखर एवं जिगना की संयुक्त पुलिस टीम ने कपाली आश्रम के पीछे निचरोली के जंगल में दविश देकर पांच हथियारबंद बदमाशों को उस समय पकड़ लिया जब वह रतन पेट्रोल पंप पर डकैती डालने की योजना बना रहे थे।
पकड़े गए बदमाशों के नाम मोहन सिंह पुत्र रामसेवक यादव, भारत पुत्र तारा सिंह यादव, महेंद्र पुत्र जसवंत यादव, रामेश्वर उर्फ लला माहते पुत्र अमर सिंह यादव, मुखिया उर्फ रतन सिंह यादव पुत्र अमर सिंह यादव निवासीगण निचरोली के कब्जे से 315 बोर की बंदूकें, अधिया, 315 बाेर के कट्टा सहित 13 जिंदा कारतूस एवं एक लुहांगी जब्त की गई।
जंगल में सर्चिंग पर गिरफ्त में आए 5 अन्य बदमाश
पुलिस टीमों ने निचरोली जंगल में आगे की तरफ सर्चिंग की तो होमगार्ड्स कार्यालय व जिगना के पास 5 अन्य बदमाश हथियार लिए घूमते नजर आए। जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पकड़े गए आरोपितों के नाम रामगोपाल पुत्र सुरेंद्र यादव निवासी वीरसागर थाना पृथ्वीपुर जिला निवाड़ी, यूनिस पुत्र उस्मान खान निवासी ग्राम निचरोली, रोहित पुत्र महेंद्र यादव, पंजाब पुत्र महेंद्र सिंह यादव, सोमेश पुत्र मुकेश यादव निवासीगण निचरोली को गिरफ्तार कर इनके कब्जे से भी 315 बोर के देशी कट्टे व जिंदा राउंड जब्त किए गए है। गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ थाना सिविल लाइन एवं जिगना में विभिन्न अपराध दर्ज हैं। जिनकी पुलिस को तलाश थी।
कोतवाली पुलिस ने पकड़ा 6 किलो गांजा
एक अन्य कार्रवाई में थाना कोतवाली पुलिस ने दो विभिन्न जगहों से छह किलो गांजा व दो मोटर साईकिल बरामद कर पांच लोगों को पकड़ा है। गांजे की तस्करी के आरोपित नकुल सिंह पुत्र मोहन सिंह यादव, उत्तम सिंह पुत्र राममिलन यादव, भगवंत पुत्र रामसिंह यादव, संग्राम पुत्र शिरोमणि यादव एवं शिरोमणि पुत्र हरचरण यादव निवासीगण निचरोली को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। इन कार्रवाईयों में एसडीओपी सुमित अग्रवाल, टीआई कोतवाली रविन्द्र गुर्जर, आरआई रविकांत शुक्ला, थाना प्रभारी बडोनी रविन्द्र शर्मा, जिगना प्रभारी वैभव गुप्ता, पण्डोखर यादवेंद्र गुर्जर, चिरुला थाना प्रभारी भूमिका दुबे, सिनावल गिरीश शर्मा, अतरेटा प्रभारी शैलेन्द्र गुर्जर, थाना प्रभारी सिविल लाइन प्रियंका यादव एवं उप निरीक्षक श्वेता सिकरवार की भूमिका रही।

