देश के 5 राज्यों में चुनावी महासंग्राम की तारीख तय, बंगाल मेें 8 चरण में चुनाव को लेकर नेताओं ने दागे सवाल

नई दिल्ली । देश के 4 राज्यों और 1 केंद्र शासित प्रदेश में विधान सभा चुनाव की तारीखों (Assembly Election 2021 Dates) का ऐलान शुक्रवार 26 फरवरी को कर दिया गया। चुनाव की तारीखों की घोषणा होते ही विभिन्न राजनैतिक दलों के नेताओं की प्रतिक्रिया आना शुरू हो गई। जहां कुछ नेता इसे अच्छा बता रहे हैं तो वहीं कुछ चुनाव आयोग (Election Commission) पर सवाल उठा रहे हैं।

कांग्रेस की ओर से उठाए गए सवाल

कांग्रेस नेता पृथ्वीराज चौहान (Prithviraj Chauhan) ने चुनाव आयोग पर सवाल खड़े करते हुए कहा, ‘अगर केरल की 140 सीटों, तमिलनाडु की 234 सीटों और पुडुचेरी की 30 सीटों (कुल 404 सीट) पर एक ही दिन में वोटिंग पूरी हो सकती है, तो फिर असम की 126 और पश्चिम बंगाल की 294 सीटों (कुल 420 सीट) के चुनाव के लिए 7-8 फेज की क्या जरूरत है? क्या इसके पीछे कोई कुटिल रणनीती है? कांग्रेस नेता की इस प्रतिक्रिया को लेकर जुबानी जंग शुरू हो गई है।

इधर ममता दीदी ने भी दागे सवाल

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) ने भी प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुनाव आयोग पर निशाना साधा। इस दौरान उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग भाजपा के इशारे पर काम कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सत्ता का दुरुपयोग कर रहे हैं। बीजेपी अपने पैसों की ताकत का इस्तेमाल न करे। ममता ने कहा कि भाजपा हिंदू-मुस्लिम कार्ड खेल रही है। बंगाल में एक ही चरण में चुनाव होना चाहिए था।

गुलाम नबी भी दी प्रतिक्रिया

वहीं कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन बंसल ने कहा कि इस चुनाव के लिए हम तैयार हैं और भाजपा कहीं नहीं आएगी। गुलाम नबी आजाद (Ghulam Nabi Azad) ने कहा कि कांग्रेस पश्चिम बंगाल चुनाव में डटकर मुकाबला करेगी। हम चुनाव में अच्छा प्रदर्शन करेंगे। चुनाव आयोग शांति के साथ मतदान प्रक्रिया को पूरा कराए, ताकि लोग निर्भीक होकर अपने मत का इस्तेमाल कर सकें।

भाजपा ने किया चुनाव तारीखों का स्वागत

केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) प्रहलाद सिंह पटेल (Prahlad Singh Patel) ने चुनाव आयोग के इस फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) बंगाल चुनाव में 200 से ज्यादा सीटें पर बहुमत हासिल करेगी। इस दौरान उन्होंने ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि वो 8 फेज में चुनाव होने से डर गईं हैं। राजनीति का खेल समझने वालों से कहना चाहता हूं कि उनके दिन लदने वाले हैं।

चुनाव आयोग ने घोषित की यह तारीखें

बंगाल में 8 चरणों में होंगे चुनाव

पश्चिम बंगाल (West Bengal Assembly Election 2021 Date) की 294 विधान सभा सीटों पर 8 चरणों में चुनाव होगा। पहला चरण- 27 मार्च, दूसरा चरण- 1 अप्रैल, तीसरा चरण- 6 अप्रैल, चौथा चरण- 10 अप्रैल, पांचवा चरण- 17 अप्रैल, छठा चरण- 22 अप्रैल, सातवां चरण- 26 अप्रैल और आठवां चरण- 29 अप्रैल को होगा। इस दौरान रिटायर्ड पुलिस अधिकारी विवेक दुबे और एम.के. दास को ऑब्जर्वर बनाया गया है। पश्चिम बंगाल में 2016 में 77,413 चुनाव केंद्र थे, जबकि इस बार 1,01,916 चुनाव केंद्र होंगे। 2 मई को रिजल्ट आएगा।

असम में चुनाव 3 चरणों में होंगे  

असम (Assam Assembly Election 2021 Date) की 126 विधान सभा सीटों पर 3 चरणों में चुनाव होगा। पहला चरण- 27 मार्च, दूसरा चरण- 1 अप्रैल और तीसरा चरण- 6 अप्रैल को होगा। असम में 2016 विधान सभा चुनाव में 24,890 चुनाव केंद्र थे, लेकिन 2021 में चुनाव केंद्रों की संख्या 33,530 होगी। 2 मई को रिजल्ट आएगा।

केरल में एक दिन में होगा मतदान

केरल (Kerala Assembly Election 2021 Date) की 140 विधान सभा सीटों पर 6 अप्रैल को वोटिंग होगी। इस दौरान दीपक मिश्रा को ऑब्जर्वर बनाया गया है। केरल में पहले 21,498 चुनाव केंद्र बनाए गए थे, लेकिन इस बार यहां चुनाव केंद्रों की संख्या 40,771 होगी। 2 मई को रिजल्ट आएगा।

तमिलनाडु में भी एक ही चरण में डलेंगे वोट

तमिलनाडु (Tamil Nadu Assembly Election 2021 Date) की 234 विधान सभा सीटों पर 6 अप्रैल को वोटिंग होगी। इस दौरान मधु महाजन और बालाकृष्ण को ऑब्जर्वर बनाया गया है। तमिलनाडु में 2016 विधान सभा चुनाव के दौरान 66,007 चुनाव केंद्र बनाए गए थे, लेकिन इस बार चुनाव केंद्रों की संख्या 88,936 होगी। 2 मई को रिजल्ट आएगा।

पुडुचेरी में 1 चरण में होगा चुनाव

पुडुचेरी (Puducherry Assembly Election 2021 Date) की 30 विधान सभा सीटों पर 6 अप्रैल को वोटिंग होगी। 2 मई को रिजल्ट आएगा। इसके अलावा पुडुचेरी में एक उम्मीदवार की चुनावी खर्च सीमा 22 लाख रुपये तय की गई है। हालांकि अन्य राज्यों की तरह यहां वोटिंग सेंटर की संख्या में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter